Businessman Shot, Shiv Sena Chairman Cornered; Child Dies in Tree Fall

Actionpunjab
15 Min Read


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर गवर्नर से जुड़ी रही। गवर्नर गुलाब चंद कटारिया के काफिल में इनोवा गाड़ी घुस गई। इससे 2 लोग घायल हो गए।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. राज्यपाल के काफिल में घुसी इनोवा

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के काफिल में इनोवा गाड़ी घुस गई। इससे 2 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे जब राज्यपाल का काफिला समराला के घुलाल टोल प्लाजा की रिजर्व वीआईपी लेन से गुजर रहा था, तभी इनोवा कार अचानक काफिले के बीच में घुस गई।

इससे हड़कंप मच गया। काफिले में शामिल सरकारी एंबुलेंस के ड्राइवर ने हादसे को टालने के लिए तुरंत वाहन रोकने की कोशिश की। लेकिन अचानक ब्रेक लगाने के चलते वह अपना नियंत्रण खो बैठा और एंबुलेंस सीधे इनोवा से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में बैठे इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) गुरजंट सिंह निवासी तरनतारन और इनोवा कार में सवार महिला गुरजीत कौर निवासी लुधियाना घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को समराला के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। (पढ़ें पूरी खबर)

2. स्कूल मनमानी फीस नहीं बढ़ा पाएंगे, नियम तोड़ा तो मान्यता जाएगी

पंजाब में कोई भी प्राइवेट शैक्षणिक संस्थान अब साल में 5 प्रतिशत से अधिक फीस नहीं बढ़ा पाएगा। इस संबंध में कैबिनेट मीटिंग में अध्यादेश को मंजूरी दे दी गई है। इसे अंतिम मंजूरी के लिए राज्यपाल के पास भेज दिया गया है।

यह जानकारी पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कैबिनेट बैठक के बाद दी। उन्होंने बताया कि पिछले 36 महीनों में यदि किसी स्कूल ने फीस में 15 फीसदी से अधिक वृद्वि की गई है तो उसे अभिभावकों को पैसा लौटाना होगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई स्कूल फीस 5 फीसदी बढ़ाना चाहता है, तो उसके लिए कमेटी बनाई गई है।

उसके लिए स्कूलों को 6 महीने पहले आवदेन करना होगा। वहीं, स्कूल को अपना फाइनेंशियल ऑडिट करना हो। स्कूल को बताना होगा कि क्यों फीस बढ़ाई गई है। हर शैक्षणिक सत्र के शुरू होने के दो महीने पहले सभी स्कूलों को तय फीस की जानकारी देनी होगी। यह नियम पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई और इंटरनेशनल बोर्ड सभी पर लागू होगा। (पढ़ें पूरी खबर)

3. निहंगों ने शिवसेना चेयरमैन की गाड़ी घेरी. शीशा तोड़ा, नारेबाजी की

लुधियाना में सोमवार को शिवसेना पंजाब के चेयरमैन राजीव टंडन की पायलट गाड़ी को कुछ निहंग सिंहों ने रोक लिया। उनकी गाड़ी का शीशा भी टूट गया। इससे माहौल तनावपूर्ण बन गया। यह घटना फ्रेंड्स रीजेंसी के पास हुई, जहां सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चेतन के खिलाफ विभिन्न सिख जत्थेबंदियां धरना दे रही थीं।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे राजीव टंडन को उनकी पायलट गाड़ी में पहचान लिया गया। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी के आगे खड़े होकर नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, जिसके बाद CIA-1 और स्थानीय पुलिस की अतिरिक्त टीमें भी मौके पर पहुंच गईं।

पुलिस ने सुरक्षा घेरे में राजीव टंडन के काफिले को वहां से रवाना कराया। घटना के बाद राजीव टंडन ने इसे अपने ऊपर जानलेवा हमले की कोशिश बताया है। जानकारी के अनुसार, राजीव आज सुबह अपने दफ्तर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फ्रेंड्स रीजेंसी के निकट चल रहे धरनास्थल के पास उनकी पायलट गाड़ी पहुंची। वहां मौजूद कुछ निहंग सिंहों ने गाड़ी को रोक लिया (पढ़ें पूरी खबर)

4. होम्योपैथिक क्लिनिक पर नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं; शीशा टूटा

जालंधर में आर्यन होम्योपैथिक क्लिनिक पर अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इस वारदात में क्लिनिक के शटर में छेद हो गए और अंदर लगे शीशे टूट गए।

जिस समय फायरिंग हुई, उस समय क्लिनिक समेत पूरे इलाके की दुकानें बंद थीं। इसलिए, किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात गोली चलने की घटना हुई है। पास ही दुकान चलाने वाली महिला ने बताया कि सुबह जब वह आज दुकान पर पहुंचीं तो वहां पुलिस मौजूद थी। होम्योपैथिक दवाई की दुकान सील करवा दी गई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें गोली चलने की जानकारी नहीं है। हालांकि, आसपास चर्चा है कि गोली चली है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. BJP में शिअद से गठबंधन के बयान पर रोक, अध्यक्ष नितिन नबीन की नेताओं को दो टूक

पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के नेता अब शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर सार्वजनिक बयानबाजी नहीं करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संगठन का काम पार्टी को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि गठबंधन करना है या नहीं, इसका निर्णय पूरी तरह से हाईकमान के हाथ में रहेगा।

पंजाब के तीन दिवसीय दौरे पर आए नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक में नितिन नबीन ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ गठबंधन होगा या नहीं, इस संबंध में कोई भी नेता सार्वजनिक बयान देने से परहेज करे।

उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को लामबंद करके और पूरे राज्य में कैडर आधार का विस्तार करके पार्टी के जमीनी स्तर के नेटवर्क को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमें सभी सीटों पर संगठन को मजबूत करना है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. निहंगों का गुरुद्वारे पर कब्जा बरकरार, बोले- सेवादार अंडरवियर में घूम रहे, इसलिए पीटा

उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू गुरुद्वारा साहिब पर पंजाब के निहंगों का कब्जा तीसरे दिन भी बना हुआ है। निहंग हथियार व ईंट पत्थर लेकर गुरुद्वारा साहिब की चौथी मंजिल में बैठे हैं। जिला प्रशासन की निहंगों से लगातार बात चल रही है, लेकिन निहंग अभी गुरुद्वारा साहिब से निकलने को तैयार नहीं हैं।

निहंग सिंहों ने पहले ऋषिकेश के गुरुद्वारा साहिब में सेवादारों से मारपीट की। मामला थाने में पहुंचा तो निहंग थाने से निकलकर आ गए। निहंगों ने कबूल किया है कि वे श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा पर नहीं आए थे, बल्कि वे कर्णप्रयाग कांड को लेकर यहां आए थे। निहंग जगदीप सिंह अकाली ने एक मीडिया हाउस के साथ बात करते हुए दावा किया है कि नगरासू के गुरुद्वारा साहिब प्रबंधक गुरु मर्यादाओं का पालन नहीं कर रहे हैं।

वे अंडरवियर में खुले सिर घूमते हैं। इसकी वजह से यहां हाथापाई हुई। संचालक बेअंत सिंह ने पुलिस व फौज बुलाई, इसलिए उन्होंने चौथी मंजिल पर किला बना दिया है। वहीं, संचालक का कहना है कि ये गुरुद्वारे पर कब्जे के लिए ही आए थे। हाथापाई के दौरान इन्होंने यह बात कही थी। (पढ़ें पूरी खबर)

7. पंजाबियों को कनाडा से डिपोर्ट नहीं किया जाएगा, रिफ्यूजी के लिए 6 नए नियम लागू

कनाडा में रह रहे पंजाबियों को कनाडा सरकार ने वीजा नियमों में राहत दी है। इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटीजनशिप कनाडा (IRCC) ने बिल C-12 के तहत 6 नए नियम लागू किए हैं। नए नियमों के अनुसार अब कनाडा पहुंचने के 14 दिन के अंदर शरणार्थी का दावा किया जा सकता है।

IRCC के अनुसार, ये बदलाव सिस्टम में बढ़ रहे आवेदनों के बोझ को कम करने, प्रशासनिक देरी को समाप्त करने और इमिग्रेशन व्यवस्था सही करने के लिए किए गए हैं। इससे केवल जरूरतमंदों को समय पर सुरक्षा मिल सकेगी। इन बदलावों से जो लोग तय समय-सीमा के कारण अयोग्य माने जाएंगे, उनके लिए भी प्री-रिमूवल रिस्क असेसमेंट (PRRA) का सुरक्षा विकल्प बरकरार रहेगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी को भी ऐसे स्थान पर न भेजा जाए, जहां उसे जान का जोखिम हो।

पहले रिफ्यूजी वीजा के लिए अप्लाई करने की सीमा एक साल थी। इससे इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड (IRB) के पास पेंडिंग मामलों का अंबार लग गया था। इससे वास्तविक जरूरतमंदों को भी सुनवाई के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। (पढ़ें पूरी खबर)

8. आंधी से पेड़ गिरने के कारण बच्चे समेत 2 की मौत, 12 जिलों में बारिश का अलर्ट

अमृतसर में आंधी के कारण पेड़ गिरने से बच्चे की मौत हो गई। बच्चा जत्थे के साथ गोल्डन टेंपल में माथा टेकने आया था। यह जत्था रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मुफ्त बस सेवा का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान वहां पुराना एक पेड़ अचानक गिर गया। बच्चे की पहचान राजप्रीत सिंह के रूप में हुई है। ये जत्था सिरसा से आया था।

वहीं 12 जिलों अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में बारिश, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। जबकि, चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। यह स्थिति तीन दिन रहेगी।

पंजाब में अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री की वृद्धि हुई है। अब यह सामान्य तापमान से 2.5 डिग्री अधिक हो गया है। बठिंडा में 42.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। इससे पहले रविवार को फाजिल्का के अबोहर में तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से डेयरी संचालक की मौत हो गई। हादसा कंधवाला रोड पर नहर के पास हुआ। मृतक की पहचान तारा एस्टेट निवासी 40 वर्षीय दविंद्र कुमार के रूप में हुई है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. पीछा कर कारोबारी को 3 गोलियां मारीं, खुद गाड़ी चलाकर दोस्त के पास पहुंचा

अमृतसर के 88 फुट रोड इलाके में शनिवार शाम को एक कारोबारी युवक पर फायरिंग कर दी गई। दो युवकों ने उसकी गाड़ी का पीछा कर गोलियां मारीं, जिसमें कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पीठ और दिल के पास 3 गोलियां लगी हैं।

गोली लगने के बाद खून से लथपथ युवक खुद ही कार चलाकर अपने दोस्त के पास पहुंचा था, जिसने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू की है। हालांकि, किसी की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई। फायरिंग की यह घटना पास लगे CCTV में भी कैद हुई है।

घायल की पहचान सिमरनजीत सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। वह गांव सुल्तानविंड में पट्टी बाबा जीवन सिंह का रहने वाला है और पानी की मोटर का कारोबार करता है। उसकी मां सरबजीत कौर ने पुलिस को बताया कि 20 जून की शाम करीब 6 बजे सिमरनजीत के दोस्त मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू का फोन आया। उसने बताया कि सिमरनजीत पर गोलियां चली हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

10. नाबालिग को लगी गोली, पहले बोला- किसी ने फायरिंग की, बाद में बयान बदला

चंडीगढ़ के सेक्टर-38ए में नाबालिग के हाथ में गोली लग गई। शुरुआत में उसने पुलिस को बताया कि किसी ने उस पर फायरिंग की है। लेकिन बाद में पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि गोली उसकी अपनी पिस्टल से गलती से चल गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद थाना-39 के प्रभारी इंस्पेक्टर जयप्रकाश और डीएसपी धीरज कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। घायल नाबालिग को तुरंत सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

शुरुआती जांच में पता चला है कि नाबालिग ने यह पिस्टल पास के सेक्टर से करीब 10 हजार रुपए में खरीदी थी। वह पिस्टल को चेक कर रहा था कि वह सही तरीके से चल रही है या नहीं। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और उसके हाथ में लग गई पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसने पिस्टल किस मकसद से खरीदी थी। (पढ़ें पूरीखबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *