![]()
पानीपत जिले में एंटी व्हीकल थेफ्ट पुलिस टीम ने सनौली रोड पर छाजपुर गंदा नाला के पास नाकाबंदी कर एक युवक को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जलालपुर प्रथम निवासी सचिन उर्फ मिती के रूप में हुई है। एंटी व्हीकल थेफ्ट इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि सोमवार शाम गश्त के दौरान उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, एक संदिग्ध युवक अपाचे बाइक पर जलालपुर गांव की ओर से पानीपत आ रहा था, और बाइक चोरी की होने की संभावना थी। दस्तावेज मांगने पर बहाने बनाने लगा आरोपी सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने सनौली रोड पर छाजपुर गंदा नाला के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद, सनौली की ओर से अपाचे बाइक पर आ रहे युवक को रोका गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सचिन उर्फ मिती बताया। बाइक के कागजात मांगने पर युवक बहाने बनाने लगा। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर 4 मार्च को कुराड़ चौक के पास से बाइक चोरी की थी। इस संबंध में थाना सनौली में दुर्जनपुर कला, पीलीभीत (यूपी) निवासी रामदर्शन की शिकायत पर मामला दर्ज है, जो फिलहाल नौल्था में किराए पर रहता है। नशे में पड़ा था मालिक, जेब से निकाली चाबी सब इंस्पेक्टर राकेश के अनुसार, आरोपी सचिन ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च को वह और उसका साथी कुराड़ चौक पर गांव जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। चौक के पास एक युवक नशे की हालत में पड़ा था और उसकी बाइक वहीं खड़ी थी। दोनों ने मिलकर युवक की जेब से चाबी निकाली और अपाचे बाइक चुरा ली। चोरी के बाद उन्होंने बाइक की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी और उसे चलाने लगे। पुलिस ने आरोपी सचिन के कब्जे से चोरी की अपाचे बाइक बरामद कर ली है। मंगलवार को पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पानीपत में चोरी की बाइक समेत युवक गिरफ्तार:नशे में पड़ा था मालिक, जेब से निकाली चाबी; नंबर प्लेट तोड़कर चला रहे थे
Leave a comment