![]()
जयपुर में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा- मुझे युवा जनसंघ के राजस्थान अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अवसर मिला था। इसके माध्यम से मैंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को निकटता से समझा। उन्होंने कहा- डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए सर्वस्व समर्पित कर दिया। जम्मू-कश्मीर में लागू विशेष प्रावधानों का विरोध करते हुए उन्होंने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उद्घोष किया तथा इसी उद्देश्य को लेकर जनआंदोलन का नेतृत्व किया। भाजपा जयपुर शहर की ओर से भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर “श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महावीर पब्लिक स्कूल जयपुर में भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। घनश्याम तिवाड़ी ने कहा- कश्मीर की धरती पर हुआ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान भारत की एकता और अखंडता के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान था। उन्होंने कहा- जिस कश्मीर के लिए डॉ. मुखर्जी ने संघर्ष किया, वह भारत का अभिन्न अंग था, है और सदैव रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि संसद द्वारा अनुच्छेद 370 एवं 35ए को समाप्त किया जाना डॉ. मुखर्जी के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक निर्णय है तथा आज देश उनके सपनों के भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अमित गोयल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकात्मता का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी भारत को एक सूत्र में पिरोने के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक परंपराओं एवं राष्ट्रीय पहचान को अक्षुण्ण बनाए रखना चाहते थे। इसी उद्देश्य से उन्होंने वर्ष 1951 में मंत्री पद से त्यागपत्र देकर भारतीय जनसंघ की स्थापना की। गोयल ने कहा कि राष्ट्रहित के लिए संघर्ष करते हुए उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे देश सदैव स्मरण रखेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 की समाप्ति डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई है। मीडिया सह प्रभारी नयन माघाणी अग्रवाल ने बताया- कार्यक्रम में विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, चंद्र मोहन बटवारा, जयपुर प्रभारी प्रभुलाल सैनी, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बागड़ी, जिला महामंत्री नवरत्न नराणिया, रेखा राठौड़, राजेश तांबी आदि मौजूद थे।
तिवाड़ी बोले- मुखर्जी ने देश की एकता के लिए किया-समर्पित:डॉ. श्यामा प्रसाद के बलिदान दिवस पर दी श्रद्धांजलि
Leave a comment