![]()
दिल्ली सरकार ने राजधानी में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए धीरपुर में डॉ. बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय (एयूडी) के नए अत्याधुनिक कैंपस के निर्माण को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में लगभग 1,668 करोड़ रुपए की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई। करीब 20 हेक्टेयर (50 एकड़) क्षेत्र में विकसित होने वाला यह कैंपस आधुनिक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप उच्च शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। बैठक में लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, शिक्षा मंत्री आशीष सूद और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा शिक्षा किसी भी विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव होती है और सरकार युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। परियोजना के पहले चरण में 5,400 विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही 840 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास और शिक्षकों व कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है। परिसर में आधुनिक अकादमिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, प्रशासनिक भवन, छात्र सुविधा केंद्र, खेल अवसंरचना और पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी। नए कैंपस की एक प्रमुख विशेषता 2,500 सीटों की क्षमता वाला भव्य सभागार होगा, जो विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। सरकार का दावा है कि यह परियोजना राजधानी में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के विस्तार के साथ हजारों विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कैंपस की खास विशेषताएं,…
ग्रीन कैंपस पर रहेगा फोकस – जीआरआईएचए 5-स्टार रेटिंग के अनुरूप विकास
– सौर और भू-तापीय ऊर्जा का उपयोग
– रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
– अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण की व्यवस्था
– जल संरक्षण और सतत विकास पर विशेष जोर
– डीयूएसी और अग्निशमन विभाग से आवश्यक मंजूरियां प्राप्त
धीरपुर में बनेगा अंबेडकर विश्वविद्यालय का नया कैंपस:1668 करोड़ की परियोजना को मंजूरी, 840 सीटों का हॉस्टल, 2,500 क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनेगा
Leave a comment