फतेहगढ़ साहिब में 2 आंगनवाड़ी वर्कर बेहोश:'मां-बेटी सम्मान योजना' के फॉर्म भर रही थीं, यूनियन बोली- ऐप और वेबसाइट में खामियां

Actionpunjab
2 Min Read




फतेहगढ़ साहिब में पंजाब सरकार की ‘मां-बेटी सम्मान योजना’ के ऑनलाइन फॉर्म भरते समय दो आंगनवाड़ी वर्कर बेहोश हो गईं। यह घटना सरहिंद में हुई। बेहोश हुई वर्करों की पहचान आरती और गुरमीत कौर के रूप में हुई है। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद आंगनवाड़ी वर्करों में असंतोष देखा जा रहा है। सूचना मिलते ही आंगनवाड़ी मुलाजिम यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष हरजीत कौर पंजोला अस्पताल पहुंचीं और वर्करों का हालचाल जाना। उन्होंने पंजाब सरकार पर योजना के क्रियान्वयन में पर्याप्त तकनीकी प्रबंधन न करने का आरोप लगाया। हरजीत कौर आरोप- योजना की ऐप और वेबसाइट में लगातार तकनीकी खामियां आ रही हरजीत कौर पंजोला ने आरोप लगाया कि योजना की ऐप और वेबसाइट में लगातार तकनीकी खामियां आ रही हैं। सर्वर डाउन होने के कारण वर्करों को घंटों तक मोबाइल और कंप्यूटर पर काम करना पड़ता है। इससे उन पर मानसिक और शारीरिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि फॉर्म समय पर जमा न होने से वर्करों को लोगों के गुस्से और शिकायतों का सामना करना पड़ता है। पंजोला ने बताया कि इससे पहले घनौर और नवांशहर में भी आंगनवाड़ी वर्करों को इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उनका कहना था कि सरकार जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह स्थिति बनी रही, तो कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होगा और योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा। यूनियन ने सरकार से मांग की है कि योजना की वेबसाइट और ऐप में आ रही तकनीकी दिक्कतों को तुरंत दूर किया जाए, ताकि वर्कर बिना तनाव के अपना काम कर सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो यूनियन राज्यभर में आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *