![]()
हिंदी भाषा को नई पीढ़ी की अभिव्यक्ति, रचनात्मकता और ज्ञान की सशक्त भाषा के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से ‘हिंदी हृदयोत्सव 2026’ के अंतर्गत राष्ट्रीय हिंदी शब्द शक्ति प्रतियोगिता की शुरुआत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों और स्वतंत्र लेखकों को एक साझा राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी लेखन क्षमता, अभिव्यक्ति और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन कर सकें। आयोजक अमन भारद्वाज ने बताया – आज के समय में केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसी सोच के साथ इस प्रतियोगिता की शुरुआत की गई है, ताकि भाषा के माध्यम से युवाओं के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके। प्रतियोगिता का आयोजन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले चरण में विद्यालय स्तर पर कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन लिखित प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रत्येक विद्यालय से श्रेष्ठ 10 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा, जिनकी रचनाएं राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन के लिए भेजी जाएंगी।
विद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः ₹2,100, ₹1,100 और ₹551 की पुरस्कार राशि दी जाएगी। साथ ही सभी प्रतिभागियों को मेडल और सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर विजेताओं के लिए भी आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम पुरस्कार ₹1,11,111, द्वितीय ₹51,551 तथा तृतीय ₹31,331 रखा गया है। इसके अलावा चौथे स्थान पर टैबलेट, पांचवें स्थान पर साइकिल तथा छठी से दसवीं रैंक तक ₹2,100 और ग्यारहवीं से पचासवीं रैंक तक ₹551 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। शीर्ष 200 प्रतिभागियों को विशेष उपहार, मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता केवल विद्यालयों तक सीमित नहीं रहेगी। महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और स्वतंत्र लेखकों के लिए भी अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। कविता, कहानी, लेख, डायरी, विचार, पटकथा, संवाद और धारावाहिक लेखन जैसी विभिन्न साहित्यिक विधाओं में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। इसके साथ ही प्रतिभागियों को भविष्य कौशल विकास, व्यावसायिक मार्गदर्शन, अनुभवी साहित्यकारों के प्रशिक्षण तथा “लेखक कैसे बनें” जैसी प्रेरक ई-पुस्तक का लाभ भी मिलेगा। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकेगा। आयोजकों ने देशभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षकों, अभिभावकों और हिंदी प्रेमियों से इस अभियान में जुड़कर युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की अपील की है।
देशभर की युवा प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच:‘हिंदी हृदयोत्सव 2026’ के तहत राष्ट्रीय हिंदी शब्द शक्ति प्रतियोगिता का शुभारंभ
Leave a comment