![]()
फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। थाना नगला खंगर क्षेत्र में माइल स्टोन-63 के पास गोरखपुर से चंडीगढ़ जा रही एक स्लीपर कोच (डबल डेकर) बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और लगभग 40 यात्री घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में बस चालक को नींद की झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। यह दुर्घटना रात करीब दो बजे हुई, जब बस में लगभग 60 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा और एंबुलेंस टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल हुए लगभग 40 यात्रियों को संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद और उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई भेजा गया। इनमें से पांच यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान बस चालक गुरी (50) और केबिन में बैठे दलजीत (50), दोनों पंजाब के निवासी, ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात को सामान्य किया। इस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। सीओ चंचल त्यागी का कहना है दो लोगों की मौत हुई है बाकी घायलों की जानकारी की जा रही है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 2 की मौत:यात्रियों से भरी बस ट्रेलर में घुसी, 40 घायल अस्पताल में भर्ती
Leave a comment