![]()
फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम उजरामऊ में रंजिश को लेकर हुई मारपीट के मामले में घायल युवक श्यामवीर प्रताप सिंह उर्फ सोनू (35 वर्ष) की कानपुर के हैलेट अस्पताल में मृत्यु हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मामले की जानकारी मिलने पर शुक्रवार को शव गांव पहुंचने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। उजरामऊ निवासी श्यामवीर प्रताप सिंह 18 जून की रात को गांव के ही एक व्यक्ति के घर पर मौजूद थे, जहां वह काम करते थे। आरोप है कि उसी दौरान गांव का निवासी सौरभ अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर उनके बीच विवाद हुआ, जिसके बाद श्यामवीर के साथ मारपीट की गई और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि श्यामवीर के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की गई थी। घायल श्यामवीर को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। हालत अधिक गंभीर होने पर उन्हें कानपुर के हैलेट अस्पताल भेजा गया, जहां गुरुवार को उनकी मृत्यु हो गई। कानपुर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद मृतक युवक का शव देर रात में घर पहुंचा। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों ने आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। मृतक के भाई उदय प्रताप सिंह की तहरीर पर राजेपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत के बाद विवेचना में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय साक्ष्य तथा अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
मारपीट में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत:पुरानी रंजिश में मारपीट के बाद कानपुर में तोड़ा दम, FIR दर्ज
Leave a comment