![]()
सोनीपत के गांव किलोहड़द-बड़वासनी मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन व चालक की तलाश में जुटी हुई है। बड़वासनी-माहरा रोड पर हुआ दर्दनाक हादसा सोनीपत के गांव हुल्लाहेड़ी के रहने वाले कंवर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 जून की रात करीब 9:30 बजे उसका चचेरा भाई सुनील गांव किलोहड़द से बड़वासनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान बड़वासनी-माहरा रोड पर किसी अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में लगी गंभीर चोटों के कारण सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। डायल-112 की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस हादसे की सूचना डायल-112 के माध्यम से सदर थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पीएसआई सौरव अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां सड़क पर सुनील का शव पड़ा मिला। पुलिस ने घटनास्थल की ई-साक्ष्य के तहत वीडियोग्राफी कराई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस शव को परिजनों के साथ नागरिक अस्पताल, सोनीपत लेकर पहुंची। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सुनील को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। अब घर में नहीं बचा कोई पुरुष सदस्य सुनील की मौत ने परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ तोड़ दिया है, जिससे उबरना बेहद मुश्किल है। इससे पहले उसके तीन भाइयों की भी मौत हो चुकी थी। इनमें दो भाइयों की बीमारी के कारण जान चली गई थी, जबकि तीसरे भाई की नहर में डूबने से मौत हुई थी। माता-पिता का भी पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में केवल सुनील के बड़े भाई नरेश की शादी हुई थी। भाई की मौत के बाद परिवार में सुनील ही देखरेख करता था और देर रात एक्सीडेंट में सुनील की मौत के बाद उसकी भाभी और चार बच्चे अब बिना सहारे के लिए रह गए हैं। सुनील अधिक पढ़ा-लिखा नहीं था और मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। हादसे वाले दिन वह खाना खाने के बाद बाइक से खेत की ओर निकला था, लेकिन रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में कोई भी पुरुष सदस्य जीवित नहीं बचा। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज मोर्चरी के बाहर मृतक के परिजन कंवर सिंह ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर सदर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन व उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोनीपत अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:रात को खेतों में जा रहा था; 3 भाइयों की पहले हो चुकी मौत
Leave a comment