उत्तराखंड में सिखों को मिली धमकी पर अकाल तख्त सख्त:अमृतसर में आशीष नेगी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश, जत्थेदार बोले- भाईचारे के लिए खतरा

Actionpunjab
2 Min Read




श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने उत्तराखंड के आशीष नेगी द्वारा सिख समुदाय को जून 1984 जैसी घटना दोहराने की कथित धमकी देने के मामले का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि इस तरह के लोग देश की शांति, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के लिए गंभीर खतरा हैं। जत्थेदार ने कहा कि सिख कौम ने देश की आजादी और राष्ट्र की रक्षा के लिए अनेक बलिदान दिए हैं। ऐसे में किसी भी समुदाय के खिलाफ इस प्रकार की भड़काऊ और धमकी भरी भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि इस बयान से स्पष्ट होता है कि कुछ लोगों के मन में सिख समुदाय के प्रति गहरी नफरत मौजूद है। उत्तराखंड यात्रा के दौरान संयम बनाए रखें उन्होंने सिख श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे उत्तराखंड यात्रा के दौरान संयम बनाए रखें और किसी भी प्रकार की उकसावे वाली कार्रवाई में न आएं। साथ ही उत्तराखंड सरकार से मांग की कि राज्य में सिखों के धार्मिक प्रतीकों और उनके संवैधानिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी निभाई जाए। ककारों-धार्मिक वेशभूषा के कारण निशाना बनाया जत्थेदार ने कहा कि हाल के समय में कुछ शरारती तत्वों द्वारा सिख श्रद्धालुओं को उनके ककारों और धार्मिक वेशभूषा के कारण निशाना बनाया गया, जिसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की गई। उन्होंने सरकार से ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। कानूनी कार्रवाई के दिए निर्देश इसके अलावा, श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को निर्देश दिया है कि आशीष नेगी के कथित सिख-विरोधी बयान और धमकी के खिलाफ अमृतसर में कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की भड़काऊ बयानबाजी करने का साहस न कर सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *