![]()
गुरुग्राम जिले में सोहना क्षेत्र के गांव रायपुर के समीप रेलवे लाइन के पास स्थित अरावली की पहाड़ियों में एक नर कंकाल मिला है। स्थानीय लोगों की सूचना पर सोहना पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव की हालत इतनी खराब थी कि वह पूरी तरह सड़-गल चुका था और हड्डियों से खाल लगभग पूरी तरह अलग हो चुकी थी। पुलिस को स्थानीय लोगों ने अरावली पहाड़ी क्षेत्र में एक संदिग्ध शव पड़ा होने की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शव काफी पुराना है और अब केवल कंकाल ही शेष बचा है। मृतक की जेब से मिला गुटखे का पाउच जांच अधिकारी त्रिलोक ने बताया कि मृतक के शरीर पर खाकी रंग की पैंट तथा कमर में काले रंग की बेल्ट मिली है। घटनास्थल के आसपास खून के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इसके अलावा मृतक की पैंट की जेब से एक गुटखे का पाउच भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद कंकाल को सोहना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे पोस्टमार्टम और अन्य वैज्ञानिक जांच के लिए गुरुग्राम भेज दिया गया है। पहचान कराने के किए जा रहे प्रयास जांच अधिकारी के अनुसार, मृतक की पहचान के लिए आसपास के सभी थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है। साथ ही आसपास के गांवों में भी लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।
गुरुग्राम में अरावली पहाड़ी में मिला नर कंकाल:हड्डियों से खाल पूरी तरह गायब, पास में मिले खून के छींटें, जांच में जुटी पुलिस
Leave a comment