![]()
डीडवाना की रामदेव कॉलोनी (सिंधी बास) में पिछले कई दिनों से लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इस कारण घरेलू बिजली उपकरण खराब हो रहे हैं और भीषण गर्मी में पंखे-कूलर भी ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। समस्या से परेशान निवासियों ने सोमवार को अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग की। निवासियों के अनुसार लो-वोल्टेज की यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है। इस संबंध में पहले भी कई बार विद्युत विभाग को लिखित शिकायतें दी गई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। विभाग की इस उदासीनता पर लोगों ने नाराजगी व्यक्त की। ज्ञापन में बताया गया कि लगातार कम वोल्टेज के कारण फ्रिज, टीवी, कूलर सहित अन्य महंगे घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो रहे हैं। भीषण गर्मी में पंखे भी पर्याप्त गति से नहीं चलने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी हो रही है। रणधीर, सुरेश, नेमीचंद, रामचंद्र, रमेश चंद, राजकुमार सहित रामदेव कॉलोनी के कई निवासियों ने एकजुट होकर विद्युत विभाग से नियमित और पर्याप्त वोल्टेज की बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत निगम की होगी।
रामदेव कॉलोनी में लो-वोल्टेज से उपकरण खराब:सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
Leave a comment