जालंधर में नौकर को बंधक बनाकर तीन पशु चोरी:कर्मचारी को डराकर मोबाइल छीना और रस्सी से बांधा, पांच चोरों के खिलाफ केस

Actionpunjab
2 Min Read




जालंधर की नकोदर सदर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आते गांव गोहीर में देर रात एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। यहाँ एक पशु शेड (बाड़े) को निशाना बनाते हुए पांच अज्ञात चोरों ने न केवल मवेशी चुराए, बल्कि बाड़े की रखवाली कर रहे नौकर को डरा-धमकाकर बंधक भी बना लिया। पुलिस ने इस संबंध में पीड़ित मकान मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वारदात के रूट और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि चोरों के सुराग जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। पीड़ित गुरदयाल सिंह (निवासी गांव गोहीर) ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि रोजाना की तरह रात के समय उनके पशु बाड़े में मवेशी बंधे हुए थे और उनका नौकर वहां मौजूद था। इसी दौरान करीब पांच अज्ञात नकाबपोश चोर जबरन बाड़े के भीतर घुस आए। जब नौकर ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरों को रोकने और शोर मचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसे हथियारों के बल पर डराया-धमकाकर काबू कर लिया। चोरों ने नौकर का मोबाइल फोन छीन लिया ताकि वह किसी को मदद के लिए फोन न कर सके और फिर उसे रस्सी से बुरी तरह बांधकर बंधक बना दिया। दो भैंसें और उसका बच्चा लेकर हुए फरार नौकर को पूरी तरह असहाय करने के बाद, चोरों ने बाड़े में बंधी दो कीमती भैंसें और एक भैंस का बच्चा खोला और उन्हें लेकर रात के अंधेरे में मौके से फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग बाड़े पहुंचे, तब जाकर घटना का खुलासा हुआ और नौकर को मुक्त कराया गया। मामले के जांच अधिकारी (IO) सुखविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित गुरदयाल सिंह की शिकायत और बंधक बनाए गए नौकर के बयानों के आधार पर पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *