![]()
हांसी शहर के आर्य नगर में सोमवार देर रात एक पारिवारिक विवाद के बाद साले ने अपने जीजा पर गोली चला दी। पीड़ित ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। गोली बाथरूम के दरवाजे में जा धंसी। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोली का खाली खोल बरामद कर साक्ष्य जुटाए। आर्य नगर निवासी गुरदीप ने बताया कि सोमवार दिन में उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसकी पत्नी का भाई कमल, जो हिसार का निवासी है, घर आया और अपनी बहन को अपने साथ ले गया। गुरदीप का आरोप है कि इसके बाद कमल ने उसे फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी। रात एक बजे घर में कूदा गुरदीप के अनुसार, सोमवार देर रात करीब एक बजे कमल घर का गेट कूदकर अंदर घुस आया और उस पर फायर कर दिया। गुरदीप ने अपनी जान बचाने के लिए तुरंत बाथरूम में शरण ली। गोली बाथरूम के दरवाजे में जा लगी। इसके बाद उसने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गोली का खाली खोल बरामद किया और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने मौके पर सबूत जुटाए मामले के जांच अधिकारी रामपाल ने बताया कि कंट्रोल रूम से रात करीब एक बजे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। उन्होंने पुष्टि की कि प्रारंभिक जांच में गुरदीप को गोली न लगने की बात सामने आई है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग लाइसेंसी हथियार से की गई थी या अवैध देसी हथियार से। फिलहाल, पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हांसी में साले ने जीजा पर चलाई गोली:बहन से विवाद के बाद नाराज था आरोपी, बाथरूम में छिपकर बची जान
Leave a comment