![]()
कानपुर के रेल बाजार थाना क्षेत्र स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन स्थित सरकारी बैरक से एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की स्कूटी चोरी हो गई। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पीड़ित पुलिसकर्मी ने मामले की मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस लाइन में तैनात प्रदीप सिंह सरकारी बैरक में रहते हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि बीती 14 जून की रात करीब 8:30 बजे से 10:30 बजे के बीच उनके आवास के बाहर खड़ी टीवीएस जुपिटर स्कूटी अज्ञात चोरों ने चुरा ली। प्रदीप सिंह ने बताया कि चोरी का पता चलने पर उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन स्कूटी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने रेलबाजार थाने में सूचना दी और कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ सरकारी परिसर से वाहन चोरी की इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी के सरकारी आवास से स्कूटी चोरी:कानपुर में CCTV फुटेज खंगालने के बाद भी नहीं मिला सुराग
Leave a comment