हनुमानगढ़ में पुलिस का घर-घर नशा मुक्त सर्वे:हॉटस्पॉट क्षेत्रों में तस्करों की पहचान, पीड़ितों के पुनर्वास पर फोकस

Actionpunjab
2 Min Read




हनुमानगढ़ पुलिस ने जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए एक नई पहल शुरू की है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देश पर नशे से प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पहले चरण में बुधवार को एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने स्वयं हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र की भट्टा कॉलोनी और खुंजा क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर नशे से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और अभियान में सहयोग की अपील की। इस दौरान भट्टा कॉलोनी में एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने एक बीट कॉन्स्टेबल को तुरंत लाइन हाजिर करने का निर्देश दिया। कॉन्स्टेबल से पिछले तीन महीनों में की गई कार्रवाई का विवरण मांगने पर वह कोई जानकारी नहीं दे पाया था। गौरतलब है कि भट्टा कॉलोनी को नशे के गढ़ के रूप में जाना जाता रहा है। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि इस सर्वे अभियान का उद्देश्य केवल नशा तस्करों पर कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों की पहचान कर उन्हें उपचार और पुनर्वास की मुख्यधारा से जोड़ना भी है। पुलिस टीमें घर-घर जाकर उन लोगों के बारे में जानकारी जुटाएंगी, जो नशे की खरीद-फरोख्त या अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों को नशे की लत है और वे इससे बाहर निकलना चाहते हैं, उन्हें जागरूकता कार्यक्रमों और नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि सामाजिक सहयोग और पुनर्वास की प्रक्रिया से ही नशे की समस्या पर स्थायी नियंत्रण संभव है। इस अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद, सीओ सिटी मीनाक्षी, जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कस्वा, सदर थानाधिकारी राकेश सांखला, संबंधित बीट प्रभारी, बीट कॉन्स्टेबल और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। पुलिस ने महिलाओं और स्थानीय नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *