![]()
बारिश के मौसम में बढ़ते डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार से जिलेभर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत कर दी। यह अभियान एक जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसके तहत लोगों को विभिन्न संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ बुधवार अपराह्न करीब 5 बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में मच्छरजनित और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए आमजन को सतर्क रहने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता है। सीएमओ ने बताया कि अभियान के दौरान मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस, डायरिया समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, साफ-सफाई बनाए रखें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं और बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी और संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं, बल्कि अन्य विभागों और आम जनता का सहयोग भी बेहद जरूरी है। जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान, एंटी लार्वा दवा का छिड़काव, फॉगिंग, बुखार से पीड़ित लोगों की जांच और जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जाएंगे। इसके अलावा लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचने के व्यावहारिक उपाय भी बताए जाएंगे। शुभारंभ कार्यक्रम में डॉ. दिव्या वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनु चौधरी, डॉ. अजय शाही, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शमशेर आलम, लायंस क्लब की रीना अग्रवाल, पीएसआई इंडिया की भारती रावत एवं शोभित सक्सैना सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुजफ्फरनगर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान:सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहन रवाना किया
Leave a comment