फरीदाबाद में रंगदारी न देने पर युवक का अपहरण:मारपीट की, रातभर बंधक बनाकर रखा, सुबह छोड़कर भागे, एक आरोपी अरेस्ट

Actionpunjab
4 Min Read




फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर एक युवक का अपहरण कर उसे रातभर बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाश युवक और उसके दोस्त को जबरन बाइक पर बैठाकर एक मकान में ले गए, जहां दोनों के साथ पूरी रात लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की गई। अगली सुबह दोनों को अधमरी हालत में डबुआ गेट के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर डबुआ थाना पुलिस ने मुख्य आरोपियों और उनके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। नारियल की फड़ी लगाता है युवक पुलिस को दी गई शिकायत में डबुआ निवासी राहुल ने बताया कि वह डबुआ मंडी के बाहर नारियल की फड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। राहुल का आरोप है कि क्षेत्र के कुछ युवक काफी समय से उससे रोजाना रंगदारी की मांग कर रहे थे। जब उसने रंगदारी देने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने उसे सबक सिखाने की धमकी दी थी। राहुल ने बताया कि कुछ दिन पहले वह रात के समय अपने दोस्त जितेंद्र और एक अन्य साथी के साथ घर लौट रहा था। जैसे ही वे पप्पू चिकन शॉप के पास पहुंचे, तभी डबुआ कॉलोनी निवासी बोन्चा, चिराग और उनके कई साथी बाइक और स्कूटी पर वहां आ पहुंचे। आरोप है कि सभी ने राहुल और जितेंद्र को जबरन पकड़ लिया और अपनी बाइक पर बैठाकर डबुआ कॉलोनी स्थित चिराग के घर ले गए। रातभर कमरे में बंधक बनाकर रखा पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने दोनों को पूरी रात एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उनसे रंगदारी देने की बात कहते हुए लगातार मारपीट की गई। आरोपियों ने लात-घूंसों, डंडों और अन्य चीजों से हमला किया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। पूरी रात प्रताड़ित करने के बाद अगले दिन करीब साढ़े 12 बजे दोनों को मड़ी डबुआ गेट के पास अधमरी हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक ने थाने पहुंचकर दी पुलिस को जानकारी घटना के बाद घायल राहुल किसी तरह डबुआ थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत उसे मेडिकल जांच के लिए बीके सिविल अस्पताल भेजा। मेडिकल जांच में राहुल के सिर पर गहरा घाव पाया गया, जबकि हाथ और कलाई में फ्रैक्चर की आशंका जताई गई। शरीर पर कई जगह चोट और सूजन भी मिली है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाने, मारपीट, जान से मारने की धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि कार्रवाई करते हुए मामले में डबुआ कॉलोनी निवासी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। वहीं आरोपी बोन्चा, चिराग और उनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश जारी है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *