फतेहाबाद के सेक्टरों में आज से चलेगा पीला पंजा:पहले दिन शहर में कार्रवाई; कल भट्‌टू और 9 को टोहाना में हटेगा अतिक्रमण

Actionpunjab
3 Min Read




फतेहाबाद जिले के सेक्टरों में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) गुरुवार से अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान शुरू करेगा। पहले दिन फतेहाबाद शहर के सेक्टरों में अवैध कब्जों पर कार्रवाई होगी। इसके बाद कल 3 जुलाई को भट्‌टू और 9 जुलाई को टोहाना के सेक्टरों में अभियान चलाया जाएगा। कार्रवाई के लिए अधिकारियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभियान शुरू करने से पहले एचएसवीपी अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को अंतिम चेतावनी दी है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों ने सरकारी भूमि, पार्किंग स्थल या सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे कर रखे हैं, वे उन्हें स्वयं हटा लें। ऐसा नहीं करने पर जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाया जाएगा। मकानों के बाहर बागवानी व ग्रिलों के जरिए अवैध कब्जा अधिकारियों के अनुसार, सेक्टरों में बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मकानों के बाहर बागवानी या सुरक्षा के नाम पर लोहे की ग्रिल लगाकर सार्वजनिक जगहों पर कब्जा कर लिया है। कई स्थानों पर चबूतरे बनाकर पार्किंग स्थल और सड़क किनारे की सरकारी जमीन का उपयोग निजी संपत्ति की तरह किया जा रहा है। इससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ-साथ सेक्टरों की मूल योजना भी बिगड़ रही है। एचएसवीपी का कहना है कि अभियान के दौरान केवल सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण ही हटाए जाएंगे। विभाग ने लोगों से अपील की है कि कार्रवाई से पहले स्वयं अतिक्रमण हटाकर अनावश्यक नुकसान और कार्रवाई से बचें। अधिकारियों ने कहा कि जिले के सभी सेक्टरों में सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

जानिए… क्या है अभियान के प्रमुख कारण यातायात और सुरक्षा: अधिकारियों के अनुसार, सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जे (रेहड़ी-पटरी, रैंप) से दुर्घटनाएं बढ़ती हैं। इन्हें साफ करने से सड़कें सुरक्षित होती हैं और गाड़ियां आसानी से निकल सकती हैं। अवैध निर्माण पर रोक: कई लोग सेक्टरों में पार्कों, सड़कों या सरकारी जमीन पर पक्के निर्माण कर लेते हैं। ऐसे अवैध निर्माणों और कॉलोनियों को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की जाती है। शहर की व्यवस्था: हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) और नगर निगम जैसे प्रशासन शहरों की योजना को सही रखने और सुनियोजित विकास के लिए समय-समय पर अभियान चलाते हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *