सुल्तानपुर में विवाहिता का मिला शव:पिता ने दामाद और सास-ससुर पर हत्या का लगाया आरोप, पुलिस जांच जारी

Actionpunjab
2 Min Read




सुल्तानपुर जिले के गोसाईंगंज क्षेत्र के मलवा में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतका के पिता ने दामाद, सास और ससुर पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोस्तपुर थाना क्षेत्र के सहिनवां निवासी राम सुन्दर वर्मा ने गोसाईंगंज थाना प्रभारी को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी माला वर्मा की शादी करीब 12 साल पहले गोसाईंगंज के ग्राम मलवां निवासी अनुराग वर्मा से की थी। राम सुन्दर वर्मा के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल वाले माला को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे और दहेज के लिए पैसों की मांग कर रहे थे। तहरीर में बताया गया है कि 2 जुलाई, गुरुवार को सुबह करीब 5:14 बजे मायके वालों को फोन पर सूचना मिली कि माला ने फांसी लगा ली है। जब पिता अपनी पत्नी और अन्य रिश्तेदारों के साथ मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने बेटी का शव जमीन पर पड़ा देखा, जिसके गले में फांसी का फंदा लगा हुआ था। पिता ने आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। उन्होंने पति अनुराग वर्मा, सास राजकुमारी और ससुर दिनेश वर्मा के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित परिवार ने गोसाईंगंज पुलिस से तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने और शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके और दोषियों को कड़ी सजा मिल सके। सीओ जयसिंहपुर सुनील कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि महिला ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि घरवालों द्वारा फिलहाल नाराजगी या शिकायत का कोई कारण नहीं बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई है। प्राप्त तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *