समालखा पुलिस ने पकड़ी फर्जी नंबर प्लेट लगी स्कॉर्पियो:एक्सीडेंट में कंडम गाड़ी का चेसिस नंबर अंकित कराया, बेचने कोशिश में था आरोपी

Actionpunjab
2 Min Read




पानीपत के समालखा में एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने मंगलवार देर शाम एक युवक को फर्जी नंबर प्लेट और चेसिस नंबर लगी स्कॉर्पियो समेत गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान समालखा के गांव महावटी निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल इंचार्ज सब- इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि उनकी टीम मंगलवार शाम थाना समालखा क्षेत्र के गांव पट्टीकल्याणा में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि प्रदीप एक काले रंग की स्कॉर्पियो में फर्जी नंबर प्लेट और चेसिस नंबर लगाकर गांव महावटी से पट्टीकल्याणा होते हुए समालखा की तरफ आएगा। एक्सीडेंट में हुई थी टोटल लॉस गाड़ी जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो पर लगी नंबर प्लेट बिलासपुर गांव निवासी जयदीप के नाम पंजीकृत स्कॉर्पियो की थी। जयदीप की यह गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण ‘टोटल लॉस’ हो चुकी थी। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने पट्टीकल्याणा के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद महावटी की ओर से काले रंग की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी को रोककर ड्राइवर से पूछताछ की, जिसने अपनी पहचान प्रदीप निवासी महावटी के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान आरोपी प्रदीप ने स्वीकार किया कि उसने एक ‘टोटल लॉस’ स्कॉर्पियो खरीदी थी। उसने दिल्ली के मायापुरी में संपर्क कर वह टोटल लॉस गाड़ी दी और कुछ अतिरिक्त पैसे खर्च कर यह दूसरी गाड़ी तैयार करवाई। उसने टोटल लॉस गाड़ी का इंजन और चेसिस नंबर इस नई गाड़ी पर अंकित करवा दिया था, साथ ही उसी गाड़ी की नंबर प्लेट भी लगा दी थी, ताकि पुलिस जांच के दौरान पकड़ा न जाए और बाद में गाड़ी को बेच सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *