फतेहाबाद में आज भी चलेगा HSVP का पीला पंजा:भट्‌टू में हटाएंगे अवैध कब्जे; पहले दिन 150 घरों के बाहर तोड़े थे रैंप

Actionpunjab
2 Min Read




फतेहाबाद जिले में अवैध कब्जों के खिलाफ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहेगा। हाईकोर्ट के निर्देशों की पालना में शुक्रवार को भट्‌टू के सेक्टर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों ने पहले ही मुनादी करवाकर लोगों से सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माण स्वयं हटाने की अपील की थी। इससे पहले गुरुवार को फतेहाबाद शहर के सेक्टर-3 में प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए करीब 150 मकानों के बाहर बने अवैध रैंप, चबूतरे और अन्य निर्माण बुलडोजर से हटवा दिए। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सेक्टरों की सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं रहने दिया जाएगा। चरणबद्ध तरीके से चलेगा अभियान प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सेक्टरों में सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर आम लोगों के लिए सुविधाएं सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशों की पालना में यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है और जिन स्थानों पर पहले नोटिस जारी किए जा चुके हैं, वहां कार्रवाई जारी रहेगी। स्वयं हटाकर आर्थिक नुकसान से बचें जेई चंद्रमोहन व जेई छत्रपाल ने बताया कि, आज भट्‌टू में अतिक्रमण हटाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण स्वयं हटा लें, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। 9 जुलाई को टोहाना में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *