![]()
जालंधर के मछी मार्कट में ऑटो चालक के साथ सवारी बनकर आए दो बदमाशों द्वारा लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर बदमाशों ने पहले चालक को झांसा देकर एक सुनसान गली में गाड़ी रुकवाई, फिर चाकू की नोंक पर उसका गला दबाकर फोन, पैसे और ऑटो की चाबी लूट ली। है पीड़ित का आरोप है कि पुलिस की तरफ से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सुनसान गली में रुकवाया ऑटो पीड़ित ऑटो चालक ने बताया कि दो अज्ञात युवक उसकी गाड़ी में सवारी बनकर बैठे थे। रास्ते में उन्होंने चालक को एक गली की तरफ चलने को कहा। जब ऑटो उस गली में पहुंचा, तो बदमाशों ने कहा कि उनका घर यहीं पर है। उन्होंने चालक से कहा, “तुम गाड़ी साइड में लगाओ, हम अंदर जाकर कपड़े चेंज कर लेते हैं और तुम्हारे पैसे भी लेकर आते हैं।” चालक उनकी बातों में आ गया और उसने ऑटो एक तरफ खड़ा कर दिया। चाकू दिखाकर गला दबाया, फिर की लूटपाट जैसे ही ऑटो रुका, बदमाशों का इरादा बदल गया। उन्होंने तुरंत चालक पर चाकू तान दिया और उसे जबरन ऑटो से खींचकर थोड़ा आगे ले गए। विरोध करने पर एक बदमाश ने चालक का गला दबा दिया ताकि वह शोर न मचा पाए। इसके बाद बदमाशों ने उसके पास रखे सारे पैसे और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इतना ही नहीं, जाते-जाते बदमाश ऑटो की चाबी भी अपने साथ ले गए ताकि चालक उनका पीछा न कर सके। 20-25 लोग खड़े तमाशा देखते रहे, किसी ने नहीं की मदद पीड़ित ने बताया कि जिस जगह यह पूरी वारदात हुई, वहां करीब 20 से 25 लोग खड़े थे। गला दबाए जाने के बावजूद पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर काफी शोर मचाया और मदद की गुहार लगाई। शोर सुनकर कुछ लोग घरों और दुकानों से बाहर भी निकले, लेकिन बदमाशों के खौफ या मानवीय संवेदना की कमी के कारण कोई भी पीड़ित को बचाने के लिए आगे नहीं आया। सभी लोग मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे और बदमाश आसानी से फरार हो गए। हाल ही में किस्तों पर लिया था ऑटो, पुलिस से गुहार पीड़ित के मुताबिक, वह दोनों बदमाश देखने और बोलने से बाहर के लग रहे थे, वे स्थानीय (पंजाबी) नहीं थे। पीड़ित ने रोते हुए बताया कि वह ऑटो उसके पिता के नाम पर है, जिसे अभी हाल ही में किस्तों पर खरीदा गया था। परिवार में कमाने वाले सिर्फ दो ही लोग हैं और इसी ऑटो से उनके घर का गुजारा चलता है। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया और सुबह आकर आगे की जांच करने की बात कही। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसका फोन और गाड़ी की चाबी जल्द से जल्द ढूंढ कर दी जाए ताकि वह दोबारा अपनी रोजी-रोटी कमा सके और अपने ऑटो की किस्तें चुका सके।
जालंधर में सवारी बनकर बदमाशों ने ऑटो चालक को लूटा:चाकू के नोक पर 2 युवकों ने फोन, पैसे लूटा, पुलिस में शिकायत दर्ज
Leave a comment