![]()
करनाल में कुटेल के पास पकड़े गए गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़े पांच आरोपियों का शुक्रवार को पुलिस रिमांड पूरा हो गया है। पुलिस ने आज सभी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं मुठभेड़ में घायल छठा आरोपी अभी अस्पताल में उपचाराधीन है। उसके ठीक होने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर दोबारा रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस अब मामले में सामने आए दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पहली कार्रवाई में पांच आरोपी दबोचे गए बता दें कि, 29 जून को सीआईए-1 टीम ने गांव कुटेल के पास गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 8 अवैध पिस्तौल, 30 जिंदा कारतूस और एक सिलेरियो कार बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान छठा आरोपी परमीत मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और साजिश का खुलासा पकड़े गए आरोपियों में वार्ड नंबर-02 रेलवे रोड कलानौर निवासी पवन उर्फ पोन्ना, वार्ड नंबर- 1 बाबा कॉलोनी कलानौर निवासी जतिन, वार्ड नंबर-07 संत कॉलोनी खरखौदा निवासी राहुल, शहर मालपुर थाना बापौली निवासी नवदीप और शहर मालपुर निवासी कपिल शामिल हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड पूर्व एमसी पवन है। आरोपियों की योजना पंजाब के चंदू फिरोजपुरिया और कलानौर में अवतार सिंह की हत्या करने की थी। पूछताछ में कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद पुलिस ने सभी को तीन दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान दो और नाम सामने आए, जिनमें मनीष खरखौदा व पोलू नामक आरोपी शामिल है। मुठभेड़ में पकड़ा गया छठा आरोपी 1 जुलाई को सीआईए-1 पुलिस ने तरावड़ी में मुठभेड़ के दौरान फरार आरोपी परमीत को गिरफ्तार किया। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी सीआईए-1 इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस अब फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया जाएगा।
गोल्डी बराड़ गैंग के 5 मेंबरों की रिमांड खत्म:करनाल कोर्ट ने जेल भेजा, दो की तलाश; मुठभेड़ में घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती
Leave a comment