फतेहगढ़ साहिब में चन्नी पर सवाल से बचते दिखे नागरा:बोले- 'खरीदा हुआ मीडिया' फैला रहा गुटबाजी की खबरें, संगठन मजबूत करना हमारी प्राथमिकता

Actionpunjab
2 Min Read




ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा पंजाब चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति का सह-चेयरमैन नियुक्त किए जाने के बाद पूर्व विधायक कुलजीत सिंह नागरा शुक्रवार शाम गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी नई जिम्मेदारी के लिए अरदास की और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर हुई कांग्रेस नेताओं की बैठक और प्रदेश कांग्रेस में सामने आ रही गुटबाजी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सीधे जवाब देने से परहेज किया। इसके बजाय नागरा ने कांग्रेस के अंदरूनी मुद्दों पर टिप्पणी करने के बजाय मीडिया पर ही सवाल उठाए। नागरा ने मीडिया को खरीदा हुआ बताया नागरा ने कहा कि कांग्रेस के नए पदाधिकारियों को बधाई देने के लिए समर्थक एक-दूसरे के घर जा रहे हैं और पार्टी का संगठन आगामी चुनावों की तैयारी में जुटा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि “कुछ खरीदा हुआ मीडिया, जो आम आदमी पार्टी और भाजपा का मीडिया है, वही ऐसी खबरें चला रहा है। उनकी ड्यूटी ऐसी खबरें बनाना है। परमात्मा उन्हें कभी सद्बुद्धि देगा।” ‘पार्टी हाईकमान ने उन पर जो भरोसा जताया’ हालांकि, नागरा यह स्पष्ट नहीं कर सके कि यदि पार्टी में किसी प्रकार की नाराजगी नहीं है तो पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी के आवास पर हुई बैठक को लेकर उठ रहे सवालों का सीधा जवाब देने से उन्होंने परहेज क्यों किया। इससे पहले नागरा ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उसके लिए आभारी हैं और नई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी व समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस संगठन को मजबूत कर आगामी चुनावों में पार्टी को जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *