नगर आयुक्त ने भूतेश्वर अंडरपास का किया निरीक्षण:जल निकासी दुरुस्त कर निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश

Actionpunjab
2 Min Read




मथुरा में रेलवे की तीसरी रेल लाइन परियोजना के तहत बन रहे नए बस स्टैंड-भूतेश्वर रेलवे अंडरपास का नगर आयुक्त जग प्रवेश ने शनिवार दोपहर करीब 3 बजे निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा किया जाए और जल निकासी व्यवस्था को तत्काल सुचारु बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने बताया कि अंडरपास के निर्माण और गहरीकरण के लिए की गई खुदाई से नगर निगम की पहले से स्थापित जल निकासी पाइपलाइनें और अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि अंडरपास का स्तर अधिक गहरा होने के कारण वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ सकती है, जिससे यातायात बाधित होगा। उन्होंने 3 जुलाई को हुई भारी बारिश का जिक्र किया, जब अंडरपास में जलभराव हो गया था। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम ने अतिरिक्त पंप सेट लगाकर युद्धस्तर पर पानी निकाला और कुछ ही समय में आवागमन सामान्य कर दिया था। निरीक्षण के दौरान रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ नगर निगम के महाप्रबंधक (जल) मोहम्मद अनवर ख्वाजा भी उपस्थित थे। नगर आयुक्त ने रेलवे अधिकारियों को निर्माण कार्य में लापरवाही न बरतने और पूर्व की जल निकासी व्यवस्था को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए अतिरिक्त पंप सेट की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। नगर आयुक्त ने नगर निगम के महाप्रबंधक (जल) को निर्देश दिए कि शहर के संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में सक्शन मशीन, पंप सेट और नगर निगम की टीमें 24 घंटे अलर्ट मोड पर तैनात रहें। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि मथुरा-वृंदावन नगर निगम नागरिकों को बेहतर जल निकासी व्यवस्था और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मानसून के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *