अमेरिका में करनाल की युवक की डूबने से मौत:लेक में नहा रहे दोस्त को बचाते समय गई जान,कर्ज लेकर 2023 में गया था विदेश

Actionpunjab
4 Min Read




अमेरिका की एक लेक में नहाने गए करनाल के युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ झील में गया था, जहां उसका एक साथी पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए युवक ने तुरंत छलांग लगा दी। उसने दोस्त की जान तो बचा ली, लेकिन खुद पानी से बाहर नहीं निकल पाया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दोस्त को बचाया, खुद नहीं बच पाया
करनाल की विकास कालोनी निवासी अर्शदीप पुत्र प्रगट सिंह वर्ष 2023 में डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। परिवार ने उसे विदेश भेजने के लिए करीब 45 लाख रुपए खर्च किए थे और इसके लिए कर्ज भी लिया था। अर्शदीप अमेरिका के फ्रिजनों शहर में अपनी बुआ और फूफा के पास रह रहा था और उनके बेटे हैरी के साथ एक स्टोर में काम करता था। मामा रणजीत सिंह ने बताया कि 4 जुलाई की सुबह उन्हें सूचना मिली कि अर्शदीप की लेक में डूबने से मौत हो गई है। वह अपने चार-पांच दोस्तों के साथ नहाने गया था। अर्शदीप को तैरना आता था और वह पहले बाहर भी आ गया था, लेकिन उनका एक दोस्त पानी में डूबने लगा, जिसे तैरना नहीं आता था। बिना देर किए लगाई छलांग
जैसे ही अर्शदीप ने अपने दोस्त को डूबते देखा, उसने बिना समय गंवाए दोबारा पानी में छलांग लगा दी। उसने अपने दोस्त को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद पानी से बाहर नहीं आ सका। आसपास मौजूद लोगों ने उसे कुछ ही देर में बाहर निकाल लिया और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहां की पुलिस ने शव को मोर्च्युरी हाउस में रखवा दिया है और परिजन अब शव को भारत लाने की प्रक्रिया में लगे हुए हैं। टोहायो लेक पर हुआ हादसा
मृतक के छोटे भाई शरणदीप ने बताया कि उन्हें बुआ के माध्यम से सूचना मिली कि अर्शदीप अपने दोस्तों के साथ टोहायो लेक पर गया हुआ था। वहां दो दोस्त पानी में डूबने लगे थे। अर्शदीप ने पहले एक दोस्त को बचाया और फिर दूसरे को भी बाहर निकाल लिया। इसके बाद वह खुद पानी में फंस गया। हालांकि उसे जल्दी बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन उसके शरीर में काफी पानी भर गया था, जिसके कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शरणदीप ने बताया कि इस घटना से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। दो साल पहले उनके पिता प्रगट सिंह की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। अब परिवार में मां मनप्रीत कौर और एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। अर्शदीप ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था और उसका सपना था कि वह विदेश में काम करके पहले लिया हुआ कर्ज उतारे और फिर परिवार की आर्थिक स्थिति को सुधार सके। लेकिन इस हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। सरकार से लगाई मदद की गुहार
परिवार ने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि अर्शदीप का शव जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए। अमेरिका में रह रहे रिश्तेदार भी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटे हुए हैं, ताकि शव को जल्द भारत भेजा जा सके। परिजनों का कहना है कि परिवार पहले से ही आर्थिक रूप से दबाव में है और अब इस दुखद घटना ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *