![]()
जिले में डिस्कॉम द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। निजी कंपनी के कर्मचारी नियमों की अनदेखी कर उपभोक्ताओं का शोषण कर रहे हैं, जबकि डिस्कॉम प्रशासन इस पूरे मामले में मूकदर्शक बना हुआ है। अब तक 3.24 लाख के लक्ष्य के मुकाबले महज 1.38 लाख मीटर ही लगाए जा सके हैं। कार्य आदेश के अनुसार पुरानी मीटर बदलने और नए कनेक्शन के समय कंपनी को सर्विस लाइन से मीटर तक नई केबल लगाना अनिवार्य है। हालांकि धरातल पर कंपनी के कार्मिक पुरानी और क्षतिग्रस्त केबलों को ही रहने दे रहे हैं। कहीं-कहीं तो बिना स्क्रू लगाए ही क्षतिग्रस्त ज्वाइंट्स पर मीटर टांग दिए गए हैं, जिससे आए दिन फॉल्ट और बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। केबल बदलने के उपभोक्ता से रुपए मांगे, नहीं दिए तो वैसी ही छोड़ दी दानजी की होदी निवासी वीरसिंह के घर स्मार्ट मीटर तो लगा दिया गया, लेकिन पुरानी केबल नहीं बदली गई। केबल बदलने के नाम पर पैसों की मांग की गई, न देने पर पुरानी क्षतिग्रस्त केबल ही छोड़ दी गई, जिससे अब घर की बत्ती गुल है। राजूसिंह व विजयसिंह के 5-6 महीने पहले मीटर लगा था, लेकिन पुरानी केबल के कारण लगातार फॉल्ट हो रहे हैं। डिस्कॉम कार्यालय में शिकायत के बावजूद समाधान नहीं हो रहा। अभयसिंह के नए कनेक्शन के नाम पर मीटर तो लगा दिया, लेकिन केबल नहीं दी। अंततः उपभोक्ता को बाजार से 1700 रुपये खर्च कर केबल खरीदनी पड़ी। प्रोजेक्ट में दोहरे मापदंड : रसूखदारों को खास सुविधा, आम उपभोक्ता परेशान प्रोजेक्ट में दोहरे मापदंड अपनाए जा रहे हैं। रसूखदार उपभोक्ताओं को डिस्कॉम की केबल मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि आम जनता को केबल न होने का बहाना बनाकर टरकाया जा रहा है। मजबूरन उपभोक्ता बाजार से महंगे दामों पर असुरक्षित अन-आर्मड केबल खरीदने को विवश हैं, जो हादसों को न्योता दे रही है।जांच में यह भी सामने आया है कि कंपनी के कर्मचारी डिस्कॉम स्टोर की आर्मड केबल का उपयोग करने के बावजूद उपभोक्ताओं से इसके बदले अवैध वसूली कर रहे हैं। यानी केबल सरकारी है, लेकिन भुगतान उपभोक्ता की जेब से लिया जा रहा है। सब डिवीजन वार मीटरों की स्थिति : जिले में कुल 3.24 लाख स्मार्ट मीटर लगने हैं, जिनमें अब तक 1.38 लाख मीटर लगे हैं। इसमें शहर द्वितीय में 29,784, शहर प्रथम में 20,623, बाड़मेर ग्रामीण में 19,514, चौहटन में 10,331, धोरीमन्ना में 10,236 मीटर लगाए हैं। सब डिविजनों में गुड़ामालानी 8932, जालबेरी 5896, मेहलू 4803, भियाड़ 4795, सेड़वा 3901, रामजी का गोल 3572, शिव 3239, गडरा रोड 3153, रामसर 3056, आड़ेल 3210 और फागलिया में 2706 मीटर लगाए गए हैं। “कंपनी को नए कनेक्शन पर सर्विस लाइन से मीटर तक केबल लगाना अनिवार्य है। जिन कनेक्शनों पर कंपनी ने केबल लगाई है, उनका गहन सत्यापन किया जाएगा।” — अशोक मीणा, एसई, डिस्कॉम बाड़मेर
डिस्कॉम द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में अनियमितताएं:बाड़मेर में 3 लाख 24 हजार मीटर लगाने का लक्ष्य, अब तक लगाए सिर्फ 1 लाख 38 हजार
Leave a comment