17 जुलाई को जींद में पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ:पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, कार्यक्रम की तैयारी तेज; मिड्ढा बोले- बैकवर्ड ठप्पा हटेगा

Actionpunjab
2 Min Read




जींद जिले के लिए 17 जुलाई को एक महत्वपूर्ण दिन होगा, जब देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत यहां से की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सोमवार को विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली, राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया और उचाना विधायक देवेंद्र चतरभूज अत्री ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल और जनसभा के आयोजन के लिए संभावित स्थानों का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों पर मीडिया से बात करते हुए डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह से तैयारियों में जुटा है। उन्होंने कहा कि यह पूरे हरियाणा और विशेषकर जींद के लिए गर्व की बात है कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद से शुरू हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे हरी झंडी दिखाने के लिए जींद आ रहे हैं। मिड्ढा बोले- पिछड़ेपन’ का ठप्पा अब हट जाएगा इस कार्यक्रम और जनसभा की तैयारियों के तहत अधिकारियों के साथ 2 से 3 स्थानों का दौरा किया गया है। उपयुक्त स्थान तय होते ही आगे की तैयारियां तेज की जाएंगी। डॉ. मिड्ढा ने इस अवसर पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जींद के माथे पर लगा ‘पिछड़ेपन’ का ठप्पा अब हट जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का जींद से चलना यह दर्शाता है कि वर्तमान सरकार के लिए जींद का विकास प्राथमिकता है। उनके अनुसार, इस पहल के बाद विपक्ष के पास सरकार की आलोचना करने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचेगा। ‘सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक रूट पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं’ निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था, जनता के बैठने के इंतजाम और ट्रैफिक रूट को लेकर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जींद इस ऐतिहासिक पल का स्वागत करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *