![]()
सोनीपत के कुंडली क्षेत्र में करीब 250 फीट ऊंचे हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ने वाले युवक के खिलाफ बिजली विभाग ने पुलिस को शिकायत दी है। युवक के टावर पर चढ़ने के कारण न केवल प्रशासन और पुलिस के सामने बड़ा चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन खड़ा हो गया, बल्कि पूरे बिजली तंत्र पर भी इसका व्यापक असर पड़ा। युवक की हरकत के चलते हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) को सुरक्षा कारणों से चार हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइनों की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद करनी पड़ी। बिजली विभाग ने शिकायत में लिखा है कि इससे औद्योगिक क्षेत्रों सहित कई स्थानों की बिजली व्यवस्था प्रभावित रही और करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित होने से निगम को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद एचवीपीएनएल ने इसे बिजली आपूर्ति में अवैध हस्तक्षेप और कानून का उल्लंघन बताते हुए कुंडली थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर अज्ञात युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सुरक्षा के लिए तुरंत बंद करनी पड़ी चार हाई-वोल्टेज लाइनें एचवीपीएनएल के 220 केवी सब-स्टेशन, सोनीपत के एसडीओ (ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस) इंजीनियर सुनील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 जुलाई को सूचना मिली थी कि एक अज्ञात युवक नशे की हालत में 220/132 केवी मल्टी-सर्किट ट्रांसमिशन टावर संख्या TL-83 पर चढ़ गया है। युवक की जान बचाने और किसी बड़े हादसे से बचाव के लिए निगम ने तुरंत टावर से गुजरने वाली चारों हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइनों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद सभी लाइनों के दोनों सिरों पर निर्धारित अर्थिंग प्रक्रिया पूरी की गई, ताकि रेस्क्यू के दौरान किसी प्रकार का करंट का खतरा न रहे। इन ट्रांसमिशन लाइनों की सप्लाई रही बंद
घटना के दौरान 220 केवी जीआईएस राय-आरजीईसी सर्किट-1 एवं सर्किट-2 के अलावा 132 केवी जीआईएस राय-फेज-4 एचएसआईआईडीसी कुंडली तथा 132 केवी जीआईएस राय-फेज-5 एचएसआईआईडीसी कुंडली ट्रांसमिशन लाइनों की आपूर्ति बंद रखी गई। निगम के अनुसार सुरक्षा प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही आगे की कार्रवाई संभव हो सकी। बिजली अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग एचवीपीएनएल ने शिकायत में कहा है कि युवक द्वारा बिना अनुमति हाई-वोल्टेज टावर पर चढ़ना बिजली अधिनियम, 2003 की धारा 136 के तहत दंडनीय अपराध है। उसकी इस हरकत से बिजली आपूर्ति बाधित हुई, सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हुई, यातायात जाम की स्थिति बनी और एचवीपीएनएल व यूएचबीवीएनएल की विद्युत सेवाएं करीब पांच घंटे तक प्रभावित रहीं। पुलिस से सख्त कार्रवाई की अपील
निगम ने कुंडली थाना प्रभारी को भेजी शिकायत में मांग की है कि संबंधित युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की हरकत कर बिजली व्यवस्था और जनसुरक्षा को खतरे में डालने का प्रयास न करे। अब पढ़िए, आखिर पूरा मामला क्या था… एक महीने पहले चली थी शादी की बात:पुलिस के अनुसार टावर पर चढ़े युवक सरोज पिछले करीब पांच साल से कुंडली के प्याऊ मनिहारी स्थित पेपर मिल क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता है। करीब एक महीने पहले परिवार ने बिहार की एक युवती से उसका रिश्ता तय करने की कोशिश की थी। सरोज परिवार के साथ युवती को देखने भी गया था, लेकिन उसने शादी से इनकार कर दिया। इसी बात से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। युवती का कुंडली से कोई संबंध नहीं है। कुंडली एरिया में सप्लाई होती है बिजली:बिजली निगम के जेई रवि कुमार ने बताया कि यह टावर TDI के सामने है। दोपहर दो बजे युवक टावर पर चढ़ा। यह टावर 220 केवी की लाइन का है। इसके नीचे 132 केवी की एक अन्य लाइन भी गुजर रही है। यह मल्टी सर्किट टावर है। इस लाइन से कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली सप्लाई होती है। एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई। नीचे गिरने के डर से उतरा युवक:जेई ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने युवक को लगातार समझाया कि यदि वह अधिक देर तक टावर पर बैठा रहा तो नीचे गिरने का खतरा हो सकता है। उन्होंने उसे लैडर के सहारे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी किया। काफी समझाने के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ लेकर चली गई। हाईवे पर 2KM लंबा जाम लगा:युवक के टावर पर चढ़ने के बाद नेशनल हाईवे-44 (जीटी रोड) पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। हाईवे से गुजर रहे लोग वाहन रोककर टावर पर चढ़े युवक को देखने लगे, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वीडियो बना रहे लोगों को वहां से हटाकर ट्रैफिक शुरू कराया।
250 फीट के टावर पर चढ़ने वाले के खिलाफ शिकायत:युवती के शादी से मना करने पर चढ़ा था; पुलिस कर रही FIR की तैयारी
Leave a comment