![]()
जालोर जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिले में औसतन 36.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 91 एमएम बारिश जसवंतपुरा और 70 एमएम भाद्राजून में रिकॉर्ड हुई। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे से देर रात तक कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे नदी-नालों में पानी की आवक बढ़ गई और कई प्राकृतिक झरने भी बहने लगे। मौसम विभाग ने जिले में बारिश का अलर्ट जारी रखा है। बहाव में बही जीप, ग्रामीणों ने सभी लोगों को बचाया भीनमाल क्षेत्र की रोपसी नदी में तेज बहाव के दौरान एक जीप रपट पार कर रही थी। इसी दौरान पानी के तेज बहाव में जीप बहकर नीचे चली गई। जीप में कई लोग सवार थे। मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मदद करते हुए सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में जीप को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। सुंधामाता में पानी बढ़ने पर श्रद्धालुओं को रोका लगातार बारिश के कारण भीनमाल स्थित सुंधामाता तीर्थ क्षेत्र में चारों तरफ पानी का बहाव बढ़ गया। पहाड़ों से तेज गति से पानी आने के कारण सुरक्षा को देखते हुए श्रद्धालुओं को कुछ समय के लिए रोक दिया गया। वहीं जसवंतपुरा के झरनेश्वर क्षेत्र में पहाड़ों से प्राकृतिक झरने बहते नजर आए। बांडी, कोडी और अन्य नदियों में बढ़ी पानी की आवक भारी बारिश के बाद जिले की प्रमुख बांडी नदी में अच्छी पानी की आवक दर्ज की गई। इसके अलावा रानीवाड़ा क्षेत्र की कोडी नदी, जालेरा कला नाला और सिलासन रामपुर नदी में भी तेज बहाव देखा गया। मंगलवार सुबह भी आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। हालांकि सुबह से किसी भी इलाके में तेज बारिश की सूचना नहीं मिली। पिछले 24 घंटों में कहां कितनी हुई बारिश
जालोर में बारिश से नदी-नालों में आया-पानी:रोपसी नदी में जीप बही, ग्रामीणों ने रेस्क्यू किया
Leave a comment