फरीदाबाद में ढ़ाई साल में 25 करोड़ के वाहन गायब:स्थाई पार्किंग का अभाव, सड़क किनारे खड़े वाहनों को बना रहे निशाना, 1750 चोर पकड़े

Actionpunjab
3 Min Read




शहर में स्थाई पार्किंग की कमी अब वाहन चोरी की बड़ी वजह बनती जा रही है। मेट्रो स्टेशनों को छोड़ दें तो शहर के प्रमुख बाजारों और सरकारी कार्यालयों के आसपास कहीं भी व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा नहीं है। ऐसे में लोग मजबूरी में अपने वाहन सड़क किनारे खड़े करते हैं और वाहन चोर इसी का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार पिछले ढाई सालों में फरीदाबाद से करीब 3900 वाहन चोरी हो चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 25 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। वर्ष 2024 में 1676, वर्ष 2025 में 1554 और वर्ष 2026 में अब तक 645 वाहन चोरी के मामले सामने आ चुके हैं। अधिकांश घटनाएं सड़क किनारे खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों की हैं। गुरुग्राम के बाद सबसे अधिक वाहन फरीदाबाद में जानकारी के अनुसार हरियाणा में गुरुग्राम के बाद सबसे अधिक वाहन फरीदाबाद में पंजीकृत हैं। शहर में करीब 16 लाख वाहन हैं, जो प्रतिदिन सड़कों पर चलते हैं। इसके बावजूद नगर निगम और अन्य संबंधित विभाग शहर की बढ़ती जरूरत के अनुरूप स्थाई पार्किंग विकसित नहीं कर पाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग के अभाव में सड़क किनारे वाहन खड़ा करना मजबूरी बन गया है, जिसका फायदा वाहन चोर उठा रहे हैं। प्रमुख बाजार बने चोरों के निशाने पर औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के डबुआ मंडी, एनआईटी-1, एनआईटी-5, ओल्ड फरीदाबाद, सराय ख्वाजा, बल्लभगढ़, जवाहर कॉलोनी गुरुद्वारा रोड सहित कई प्रमुख बाजारों में प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इन बाजारों में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करते हैं, जहां से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आती हैं। फिलहाल सीमित जगहों पर ही पार्किंग सुविधा शहर में नियमित पार्किंग की सुविधा फिलहाल केवल मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध है। इसके अलावा सेक्टर-12 लघु सचिवालय के बाहर निजी स्तर पर अस्थाई पार्किंग संचालित की जा रही है। वहीं ओल्ड फरीदाबाद में निर्माणाधीन चार मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग का काम अंतिम चरण में है और जल्द इसके ट्रायल शुरू होने की संभावना है। पुलिस का दावा-वाहन चोरी में कमी आई फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं में पहले की तुलना में कमी आई है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2024 में वाहन चोरी के 576 मामलों का खुलासा कर 828 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वर्ष 2025 में 525 मामलों का खुलासा करते हुए 612 आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 175 मामलों का खुलासा कर 302 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस तरह पिछले ढाई वर्षों में कुल 1750 वाहन चोरों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *