![]()
पलवल में पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के बैनर तले सरकारी कर्मचारियों ने अपनी 14 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने लघु सचिवालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार दिनेश कुमार को सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो वे प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन की अगुवाई जिला प्रधान राहिल खान ने की, जबकि संचालन कोषाध्यक्ष हरकेश सौरोत ने किया। इस दौरान यूनियन के राज्य प्रधान ईश्वर सिंह शर्मा और राज्य महासचिव संदल सिंह राणा ने कहा कि सरकार से बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद कर्मचारियों की जायज मांगें पूरी नहीं की जा रही हैं। इससे कर्मचारी वर्ग में भारी निराशा और आक्रोश है, और वे लगातार आर्थिक व मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की प्रमुख मांगें कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में ब्लॉक 2020-23 की बकाया एलटीसी के लिए तुरंत रिलैक्सेशन जारी करना, नई नीति 2028 की जगह पुरानी एलटीसी नीति 2008 को दोबारा लागू करना, और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को दी जाने वाली वार्षिक राशि पर लग रहे जीएसटी को तुरंत समाप्त करना शामिल है। अन्य मांगों में मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देने के लिए लगाई गई न्यूनतम 5 वर्ष और अधिकतम 52 वर्ष की शर्त को हटाना, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने पर मृतक कर्मचारी के परिवार को 50 लाख रुपए का मुआवजा देना। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत लगे सभी कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा प्रदान करना और हटाए गए कर्मियों को बहाल करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, मैकेनिकल भवन एवं मार्ग विभाग में ब्लैक स्मिथ पद को तृतीय श्रेणी का दर्जा देने की भी मांग की गई है। पूरे प्रदेश में आंदोलन करने की चेतावनी राज्य प्रधान ईश्वर सिंह शर्मा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सीएम के आश्वासन के बाद भी मार्च-2026 से एलटीसी रिलैक्सेशन की फाइल अटकी हुई है। यदि अगले 15 दिनों में इन 14 सूत्रीय मांगों पर कोई ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो यूनियन पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी। प्रदर्शन को राज्य उप प्रधान रमेश डागर, नूंह जिला प्रधान खुर्शीद, जाकिर हुसैन, टेकचंद गहलौत, मनीराम तेवतिया, बालकिशन शर्मा, टेकचंद शर्मा व राजेश शर्मा आदि ने संबोधित किया।
पलवल लघु सचिवालय पर सरकारी कर्मचारियों का प्रदर्शन:पुरानी एलटीसी नीति लागू करने की मांग, बोले- नौकरी की सुरक्षा प्रदान की जाए
Leave a comment