![]()
यमुनानगर के रादौर के मेन बाजार स्थित शाकुंभरी ज्वेलर्स के संचालक अमित गुप्ता से पिस्टल के बल पर हुई लाखों रुपये की लूट के पांच दिन बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। पिछले शनिवार को हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ज्वेलर्स और व्यापारी वर्ग में भय और नाराजगी का माहौल बना हुआ है। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट ज्वेलर्स एसोसिएशन अब मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात करेगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाएगी। इससे पहले ज्वेलर्स एसोसिएशन ने रादौर थाना प्रभारी राजेश राणा को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस को कोई सफलता नहीं मिलने से व्यापारियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इस वारदात का एक और सीसीटीवी सामने आया है, जिसमें एक बदमाश पहले से ही दुकान के बाहर खड़ा नजर आ रहा है। जैसे ही बाकी दो बदमाश बुलेट बाइक पर आकर लूट की वारदात को अंजाम दे देते हैं वह भी उनके साथ बाइक के पीछे बैठकर मौके से फरार हो जाता है। दुकानदार असुरक्षित कर रहे महसूस ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रधान सुनील ने कहा कि जिस तरह मुख्य बाजार में हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया, उससे पूरे व्यापारी वर्ग में दहशत है। उनका कहना है कि यदि इस तरह की घटनाओं के आरोपियों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो अन्य बदमाशों के भी हौसले बुलंद होंगे और ऐसी वारदातें बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले की जांच में तेजी लाकर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए, ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके। उन्होंने कहा कि घटना के बाद से कई दुकानदार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐसे में एसोसिएशन जल्द ही एसपी से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराएगी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी करेगी। पुलिस बोली- कई टीमें कर रहीं लगातार दबिश उधर पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी राजेश राणा के अनुसार मामले की जांच स्थानीय थाना पुलिस के अलावा सीआईए-1, सीआईए-2 और साइबर टीम संयुक्त रूप से कर रही हैं। सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है। विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बीच बाजार हुई थी वारदात शनिवार रात शाकुंभरी ज्वेलर्स के संचालक अमित गुप्ता दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे। विरोध करने पर एक बदमाश ने अमित के सिर पर पिस्टल की बट से वार कर दिया और कैश व चाबियों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। भागते समय बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किया था। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, लेकिन घटना के पांच दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होने पर ज्वेलर्स का बढ़ा आक्रोश:यमुनानगर ज्वैलर लूटकांड, पांच दिन बाद भी नहीं गिरफ्तारी, एसपी से मिलेगा ज्वेलर्स एसोसिएशन
Leave a comment