![]()
गुरुग्राम जिले में फर्रुखनगर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लापता हुई एक बच्ची को महज एक घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया, जिन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को फर्रुखनगर थाने में एक महिला ने अपनी सात वर्षीय बेटी के गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसकी बेटी शाम को बालाजी बस्ती में खेलने गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए तत्काल अभियान शुरू किया। थाना पुलिस, पीसीआर राइडर और अन्य स्टाफ सहित लगभग 50 पुलिसकर्मियों की एक टीम ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची गई। पुलिस के त्वरित और लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप, बच्ची को बालाजी बस्ती के पास एक बाजार से एक घंटे के भीतर सुरक्षित ढूंढ लिया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंपा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार ने गुरुग्राम पुलिस का धन्यवाद किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह उनका कर्तव्य है और भविष्य में भी ऐसी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे छोटे बच्चों पर विशेष निगरानी रखें और उन्हें अकेले बाहर न भेजें। यदि कोई बच्चा गुम हो जाता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या चौकी में सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
फर्रुखनगर पुलिस ने एक घंटे में ढूंढ निकाली लापता बच्ची:50 कर्मियों के साथ चलाया सर्च ऑपरेशन, घर से खेलने के लिए निकली थी
Leave a comment