![]()
दो बेटियां होने से नाखुश पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पाली जिले में मारवाड़ जंक्शन में 3 साल पहले हुए इस कत्ल में कोर्ट ने हत्यारे को उम्रकैद की सजा सुनाई है। हत्यारे पिता को सजा दिलाने में छोटी बेटी (10) की गवाही अहम साबित हुई, जो इस क्राइम सीन की चश्मदीद भी थी। मासूम बच्ची ने ही कोर्ट को बताया कि पिता शराब पीकर मां से मारपीट करता था। बेटा पैदा नहीं करने पर ताने मारता था। सुनवाई के बाद 8 जुलाई को कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा ये वैवाहिक और विश्वास का संबंध था। पढ़िए- हत्या की वारदात से लेकर कोर्ट के फैसले की पूरी कहानी… पति कर्ज से डूबा तो स्कूल में पोषाहार बनाकर पेट पालती पत्नी 15 जुलाई, 2023 को पांचेटिया गांव के तेजसिंह ने मारवाड़ जंक्शन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 34 साल की बहन अनिता कंवर की शादी करीब 14 साल पहले गांव में ही किशनसिंह के साथ की थी। शादी के बाद अनिता कंवर ने दो बेटियों को जन्म दिया, जिससे उसका बहनोई किशनसिंह नाराज था। एफआईआर में आरोप लगाए गए कि किशनसिंह नशे में उसकी बहन के साथ मारपीट कर बेटा पैदा नहीं करने के ताने देता था। किशन बेरोजगार था। उस पर काफी कर्ज हो चुका था। पत्नी अनिता कंवर पति का कर्ज उतारने व परिवार का गुजारा करने के लिए स्कूल में पोषाहार बनाती थी। किशनसिंह के कारण अनिता कंवर ने अपनी बड़ी बेटी को ननिहाल भेज दिया था। रात में पत्नी की हत्या, सुबह लौट कर कहानी रची मारवाड़ जंक्शन थाना पुलिस की चार्जशीट में खुलासा हुआ कि 14 जुलाई, 2023 की रात 10 बजे आरोपी किशनसिंह ने बेटा पैदा नहीं करने पर पत्नी अनिता कंवर से मारपीट की। रात में मौका पाकर आरोपी ने गला घोंटकर अनिता कंवर को मार डाला और बाइक लेकर घर से निकल गया। रात उसने एक रिश्तेदार के घर बिताई। अगले दिन 15 जुलाई की सुबह आरोपी उसी रिश्तेदार के साथ अपने घर पहुंचा। उसने घटनास्थल पर पत्नी का शव पड़ा देख पुलिस को गुमराह करने के लिए कहा कि उसकी पत्नी की हत्या किसने की? आरोपी ने इस हत्या से अनजान बनने के लिए पुलिस और गांव वालों के सामने झूठी कहानी बनाई। उसने बताया कि वह कंप्रेशर खरीदने किशनगढ़ जाने वाला था। रात में रास्ते में उसकी बाइक स्लिप हो गई तो उसे चोट आ गई थी। पुलिस ने मृतक अनिता कंवर के भाई की रिपोर्ट के आधार पर घटनास्थल से ही आरोपी किशनसिंह को डिटेन कर लिया था। मृतका के गले पर खरोंच व चोटों के निशान थे। पुलिस ने आरोपी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर कोर्ट में चार्जशीट पेश की। इस केस में मेडिकल बोर्ड की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटना की चश्मदीद बेटी अहम गवाह बनी। बेटी ने दी गवाही- बेटा पैदा नहीं करने पर मां को पीटते थे पापा अभियोजन के अनुसार घटना के वक्त मृतका की छोटी बेटी घर पर थी। वह एकमात्र चश्मदीद भी थी। बच्ची ने कोर्ट को बताया कि वह माता-पिता के बीच में लोन की किश्ते जमा कराने एवं उसके कोई भाई नहीं होने के कारण झगड़ा होता रहता था। घटना वाले दिन 14 जुलाई की सुबह पापा ने मां से झगड़ा किया था। भाई (बेटा) पैदा नहीं करने का ताना मारा और फिर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद काम पर निकल गए। मां भी स्कूल पोषाहार बनाने के लिए चली गई थी। रात में करीब 8 से 9 बजे के बीच पापा शराब पीकर घर आए। मैं रात में हॉल में सो गई। पापा-मम्मी कमरे में सो रहे थे। रात करीब 01.30 बजे प्यास लगने पर नींद खुली तब देखा कि पापा बाहर जा रहे थे। मैंने आवाज दी कि पापा रुको कहां जा रहे हो, लेकिन वो निकल गए। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटना की कड़ी से कड़ी जुड़ी जज ने कहा- पत्नी की हत्या करना गंभीर अपराध जज राजेंद्र कुमार ने फैसले में लिखा कि अभियुक्त ने अपनी ही पत्नी, जिसके साथ उसका वैवाहिक एवं विश्वास का संबंध था, कि गला घोंटकर निर्ममतापूर्वक हत्या की है। वैवाहिक संबंधों में इस प्रकार का विश्वासघात अत्यंत गंभीर प्रकृति का अपराध है, जो न केवल एक व्यक्ति के जीवन का अंत करता है, बल्कि परिवार एवं समाज पर भी गहरा प्रतिकूल प्रभाव डालता है। ऐसे में कोर्ट ने अभियुक्त किशनसिंह को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। …. क्राइम की ये खबर भी पढ़िए… जयपुर- बेटी ने पहले टोना-टोटका करवाया, फिर मां का मर्डर,VIDEO:घर में काली गुड़िया में आग लगाई, तंत्र-मंत्र कर नारियल रखा, फिर जलाया जयपुर में सरकारी नौकरी के लिए मां की हत्या करवाने वाली बेटी टोना-टोटका भी करवा रही थी। पुलिस ने घर के सीसीटीवी फुटेज जब्त किए हैं। पूरी खबर पढ़िए…
बेटी की गवाही से मां के हत्यारे पिता को उम्रकैद:बेटा नहीं होने के ताने मारता था, गला घोंटकर मारा, कोर्ट ने कहा- ये विश्वास का संबंध था
Leave a comment