सिवानी में नई सड़क बनते ही खोद डाली:PWD-PHED के तालमेल की खुली पोल; मेनहोल खोजने के लिए खुदाई

Actionpunjab
3 Min Read




भिवानी जिले के सिवानी मंडी में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा हाल ही में बनाई गई नई सड़क को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) ने मेनहोल के ढक्कन तलाशने और उन्हें ऊपर लाने के लिए जगह-जगह से खोद दिया है। इससे सरकारी धन की बर्बादी हो रही है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति शहर में लंबे समय से देखी जा रही है, जहां पहले सड़क का निर्माण कर दिया जाता है और फिर पानी, सीवर या अन्य भूमिगत कार्यों के लिए उसी नई सड़क को खोद दिया जाता है। विभागों के बीच समन्वय की कमी इसका मुख्य कारण मानी जा रही है। जल्दबाजी में कराया था सड़क निर्माण सिवानी में तहसील परिसर के सामने से रुपाणा रोड तक बनाई गई है। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर पीडब्ल्यूडी ने पिछले दिनों बरसात के मौसम में जल्दबाजी में इस सड़क का निर्माण कराया था। सड़क का कार्य पूरी तरह संपन्न होने से पहले ही पीएचईडी को सीवर के मेनहोल के ढक्कन ढूंढने के लिए इसे काटना पड़ा। सीवर के कई मेनहोल सड़क के नीचे दबे स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़क निर्माण के दौरान सीवर के कई मेनहोल सड़क के नीचे दब गए थे। अब इन्हें बाहर निकालने के लिए नई सड़क को तोड़ा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि दोनों विभागों के बीच पहले से उचित समन्वय होता, तो सरकारी धन और समय दोनों की बचत हो सकती थी। इस बीच, नई सड़क बनने के बावजूद सीवर व्यवस्था सुचारु नहीं हो पाई है। कई स्थानों पर सीवर का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन ड्राइवरों को भारी असुविधा हो रही है। बरसात के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर रूप ले लेती है। वकील कॉलोनी के लोग भी परेशान जन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का खामियाजा वकील कॉलोनी के निवासी भी भुगत रहे हैं। कॉलोनी की गलियों का पानी सड़क किनारे जमा होने से लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। इस बारे में जनस्वास्थ्य विभाग के जेई दीपक मालिक ने बताया कि इस सड़क का निर्माण सीसी का होना था जिसके लिए मेनहोल साथ – साथ लगते। लेकिन पीडब्ल्यूडी ने सड़क को ब्लॉक ईंटों का रातों रात बना दिया। जिसके कारण ये समस्या बनी। इस बारे में पीडब्ल्यूडी के एसडीओ जंगबीर से संपर्क किया गया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *