केडीए ने 10.65 करोड़ की 25 बीघा जमीन कब्जामुक्त कराई:प्रवर्तन व भूमि बैंक की टीम ने चलाया अभियान, 36 बीघा में नोटिस जारी

Actionpunjab
3 Min Read




कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध प्लाटिंग और सरकारी भूमि पर कब्जे के खिलाफ शुक्रवार दोपहर करीब 25 बीघा भूमि पर ध्वस्तीकरण और कब्जा हटाने का अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान लगभग 10 करोड़ 65 लाख 38 हजार रुपये मूल्य की भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। वहीं करीब 36 बीघा क्षेत्र में विकसित पांच अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए 14 जुलाई को ध्वस्तीकरण की तिथि तय की गई है। प्रवर्तन और भूमि बैंक की टीम का अभियान प्रवर्तन जोन-4 के विशेष कार्याधिकारी व उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन और भूमि बैंक की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए अभियान में टीम ने ग्राम फुफवारसुईथोक, नरवल में राजू उत्तम व अन्य द्वारा करीब 11 बीघा में विकसित अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया। इसके अलावा ग्राम मवइया में प्राधिकरण की करीब पांच बीघा भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर जमीन कब्जामुक्त कराई गई। वहीं नरवल तहसील रोड स्थित स्टार लैंड डेवलपर्स की करीब नौ बीघा में विकसित अवैध प्लाटिंग में बाउंड्रीवाल समेत अन्य निर्माणों को आंशिक रूप से ध्वस्त किया गया। प्लाटिंगकर्ता और प्लाट खरीदारों के अनुरोध पर शमन मानचित्र स्वीकृत कराने के लिए पांच दिन का सशर्त समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में स्वीकृति न मिलने पर पूरी प्लाटिंग ध्वस्त करने की चेतावनी दी गई है। 30730 वर्गमीटर जमीन कब्जा मुक्त केडीए के अनुसार फुफवारसुईथोक की 20,490 वर्गमीटर तथा मवइया की 10,240 वर्गमीटर भूमि समेत कुल 30,730 वर्गमीटर क्षेत्रफल की भूमि कब्जामुक्त कराई गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 10.65 करोड़ रुपये से अधिक है। 36 बीघा में जारी किए नोटिस इसके साथ ही एनके ग्रीन सोसाइटी, पप्पू फुटवियर, स्टार ग्रीन सिटी, संजय शुक्ला एवं अन्य तथा विनोद यादव, संजीव यादव, जे.पी. मौर्य समेत पांच मामलों में लगभग 36 बीघा क्षेत्र में विकसित अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध नोटिस जारी किए गए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर 14 जुलाई को ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जाएगा। अवैध कब्जा या खरीद फरोख्त न करें एसडीएम डॉ. रवि प्रताप सिंह ने लोगों से अपील की कि केडीए से मानचित्र स्वीकृत कराकर ही निर्माण कराएं तथा प्राधिकरण, ग्राम समाज या सीलिंग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या खरीद-फरोख्त न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। केडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *