![]()
प्रतापगढ़ जिले को परिवार कल्याण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय परिवार कल्याण प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह में जिले को समग्र परिवार कल्याण कार्यक्रम में तीसरा स्थान मिला। इसके साथ ही, पीपीआईयूसीडी (प्रसवोत्तर कॉपर-टी) सेवाओं में दूसरा पुरस्कार भी प्रदान किया गया। जिला कलेक्टर और सीएमएचओ ने ग्रहण किया पुरस्कार व्यक्तिगत श्रेणी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जीवराज मीणा को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शनिवार को आयोजित एक वर्चुअल राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया। जिला कलेक्टर शुभम चौधरी और सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद समारोह में प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) गायत्री राठौड़, मिशन निदेशक जोगाराम, निदेशक आईईसी डॉ. टी. शुभमंगला, निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा और निदेशक आरसीएच डॉ. मधु रितेश्वर सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलेक्टर शुभम चौधरी ने इस उपलब्धि को स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम, आशा सहयोगिनियों, एएनएम, चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा ने कहा कि भौगोलिक और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद, जनप्रतिनिधियों के सहयोग, प्रभावी नेतृत्व और टीम की प्रतिबद्धता के कारण यह सफलता मिली है। योजनाओं का प्रभावी संचालन किया डॉ. मीणा ने जानकारी दी कि वर्ष 2025-26 में जिले में परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत नसबंदी सेवाएं, पीपीआईयूसीडी, संस्थागत प्रसव, पूर्ण टीकाकरण, अंतरा इंजेक्शन और जन्म-मृत्यु पंजीकरण जैसी विभिन्न योजनाओं का प्रभावी संचालन किया गया। राज्य स्तरीय समिति ने नियमित निगरानी, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और सामुदायिक सहभागिता के आधार पर जिले के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। परिवार कल्याण कार्यक्रम की अन्य श्रेणियों में धमोत्तर पंचायत समिति, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दलोट, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पारसोला और बावड़ी, नाड़, केशरपुरा, बमोत्तर, जाजली तथा सातमऊड़ी ग्राम पंचायतों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।
परिवार कल्याण में प्रतापगढ़ को राज्य में तीसरा स्थान:पीपीआईयूसीडी सेवाओं में दूसरा पुरस्कार, सीएमएचओ डॉ. मीणा भी सम्मानित
Leave a comment