![]()
केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने बागपत जिले के बड़ौत स्थित बाबा शाहमल स्टेडियम में पौधरोपण किया। यह कार्यक्रम ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जयंत चौधरी ने कहा कि जिस कार्य से लोगों की भावनाएं जुड़ जाती हैं, वह अभियान निश्चित रूप से सफल होता है। उन्होंने प्रधानमंत्री की ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट (LiFE)’ पहल का भी जिक्र किया, जिसे आज पूरी दुनिया में सराहना मिल रही है और संयुक्त राष्ट्र ने भी इसकी प्रशंसा की है। जयंत चौधरी ने जोर देकर कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, परिवार और समाज को जोड़ने वाला एक जन अभियान है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि पौधरोपण केवल औपचारिकता न बने, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी सभी मिलकर निभाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी और सामाजिक दायित्व से जोड़ना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी से विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर सवाल पूछा गया, जिस पर वह मुस्कुराकर टाल गए।
जयंत चौधरी बोले- जहां भावुकता जुड़ती है,काम सफल होता है:'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में किया पौधारोपण, कहा- पौधों की देखभाल भी करें
Leave a comment