![]()
मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जिला परिषद मार्केट में रविवार शाम करीब चार बजे प्रेमी युगल के साथ मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि युवक के मुस्लिम होने के शक में कुछ लोगों ने पहले उससे पूछताछ की और बाद में पीछा करते हुए मार्केट तक पहुंचकर दोनों पर हमला कर दिया। घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शामली जिले के थानाभवन निवासी युवक और युवती रविवार को घूमने के लिए मुजफ्फरनगर आए थे। दोनों झांसी की रानी चौक के पास एक दुकान पर छोले-भटूरे खा रहे थे। इसी दौरान युवती के हाथ पर बने ‘ॐ’ के चिन्ह को देखकर कुछ लोगों ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी। आरोप है कि युवक ने पहले अपना नाम राहुल शर्मा बताया, लेकिन गोत्र पूछे जाने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। मार्केट तक पीछा कर दोनों से की गई मारपीट युवती ने कथित तौर पर दोनों के बालिग होने और साथ घूमने के अधिकार की बात कही। इसके बाद दोनों वहां से चले गए, लेकिन कुछ लोगों ने उनका पीछा किया और जिला परिषद मार्केट में उन्हें घेर लिया। आरोप है कि युवक के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने आई युवती के साथ भी हाथापाई की गई। डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस घटना के दौरान बाजार में मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ से निकालकर सिविल लाइन थाने ले गई। पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया। पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान मोहम्मद महताब पुत्र अमीर अहमद, निवासी थानाभवन (शामली) के रूप में हुई है, जबकि युवती हिंदू समुदाय से है और वह भी थानाभवन की रहने वाली है। एसपी बोले- तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। पीड़ितों का मेडिकल कराया गया है। उन्होंने कहा कि जो भी तहरीर प्राप्त होगी और जांच में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरनगर में प्रेमी युगल से सरेआम मारपीट:छोले-भटूरे खाते समय दोनों को घेरा, युवक पर मुस्लिम होने का शक, पुलिस ने भीड़ से निकालकर बचाया
Leave a comment