![]()
फरीदाबाद शहर की डबुआ कॉलोनी में पिछले करीब 20 दिनों से जारी पेयजल संकट के चलते रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड-10 के लोग बड़ी संख्या में विधायक सतीश फागना के कार्यालय के बाहर पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने स्थानीय पार्षद जयभगवान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पानी की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की। निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा पानी प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि लंबे समय से कॉलोनी में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। मजबूरी में उन्हें निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है, जिसका आर्थिक बोझ भी बढ़ता जा रहा है। उनका आरोप है कि निजी टैंकर संचालक स्थिति का फायदा उठाकर मनमाने दाम वसूल रहे हैं। अधिकारियों को दी जा चुकी शिकायत स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार पार्षद और नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। लोगों को नही मिल रहा समय पर पानी कॉलोनी निवासी नीलम ने बताया कि पहले क्षेत्र में ट्यूबवेल का खारा पानी ही सही, लेकिन उपलब्ध हो जाता था। अब पिछले कई दिनों से वह भी पूरी तरह बंद है। वहीं, सुनीता ने कहा कि पानी की कमी का सबसे ज्यादा असर बच्चों और महिलाओं पर पड़ रहा है। सुबह का अधिकांश समय पानी की व्यवस्था करने में ही निकल जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले अस्थायी राहत के तौर पर टैंकरों से पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब टैंकर भी नियमित रूप से नहीं पहुंच रहे हैं। पार्षद के आश्वासन के बाद माने लोग प्रदर्शन के बाद लोग पार्षद जयभगवान के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें आश्वासन दिया गया कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर पेयजल समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
फरीदाबाद डबुआ कॉलोनी में 20 दिन से पानी का संकट:नाराज लोगों ने विधायक कार्यालय के बाहर लगाया जाम, 2-3 दिन में समाधान का आश्वासन
Leave a comment