श्रीगंगानगर में हजारों लोग सड़कों पर उतरे:नरसिंहपुरा में प्रस्तावित कचरा प्लांट का विरोध, बड़ा आंदोलन करने की तैयारी

Actionpunjab
2 Min Read




श्रीगंगानगर जिले के नरसिंहपुरा बारानी-मांझूवास में कचरा प्लांट लगाने के विरोध में सोमवार को हजारों ग्रामीणों ने विशाल आक्रोश रैली निकाली। मांझूवास से शुरू हुई यह रैली 6 किलोमीटर दूर नरसिंहपुरा बारानी स्थित गौशाला पहुंची। रैली में करीब 2 हजार लोग शामिल हुए, जिसमें बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरीं। प्रदर्शनकारियों ने कहा- अधिकारी अभी भी सोए हुए हैं। अगर समय रहते कचरा प्लांट का प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया तो यह छोटी आक्रोश रैली जल्द ही बड़े आंदोलन का रूप ले लेगी। ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट से उनके खेतों, पशुओं और पूरे इलाके के पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचेगा।
रैली में शामिल ग्रामीणों ने नारेबाजी की और प्रशासन से मांग की कि गांव के पास कचरा प्लांट न लगाया जाए। उन्होंने कहा- हमारी जमीन, पानी और हवा सब खतरे में है। कचरा प्लांट से बदबू, मक्खी-मच्छर और प्रदूषण फैलेगा, जिससे हमारे बच्चों और पशुओं की सेहत बिगड़ जाएगी और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होगी। यह पहला मौका नहीं है जब ग्रामीण कचरा प्लांट के विरोध में सड़क पर उतरे हैं। पहले भी लोगों ने कई बार बैठकें कीं और प्रशासन को ज्ञापन सौंपे थे। लेकिन प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले इसके विरोध में ग्रामीणों ने गांव के सरकारी स्कूल भी बंद करवाए थे। रैली के आयोजकों ने बताया कि अगर जिला प्रशासन ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया तो वे और बड़ा आंदोलन छेड़ने को तैयार हैं। इसमें धरना-प्रदर्शन, घेराव और उच्चाधिकारियों तक डेलिगेशन भेजने की योजना है। ग्रामीणों का आरोप है कि कचरा प्लांट गांव की उपजाऊ जमीन के पास लगाया जा रहा है, जबकि वैकल्पिक जगहों पर इसे शिफ्ट किया जा सकता है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *