![]()
करनाल में भाजपा की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने 17 जुलाई को जींद में होने वाले कार्यक्रम को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस दिन हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जो पूरी तरह ग्रीन एनर्जी पर आधारित होगी। खास बात यह है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जो रैली निकलेगी, उसमें पेट्रोल और डीजल के वाहनों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। केवल सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों के जरिए ही लोग जींद पहुंचेंगे, जिससे पर्यावरण को नुकसान न हो। ग्रीन एनर्जी का बड़ा संदेश पत्रकारों से बातचीत में डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन देश के लिए एक नई दिशा है। इस ट्रेन से न तो कार्बन उत्सर्जन होगा और न ही डीजल की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ग्रीन एनर्जी और क्लीन एनर्जी को बढ़ावा दे रहे हैं और यह पहल उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। स्वच्छता ही स्वागत है अभियान की शुरुआत उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के हरियाणा आगमन को लेकर ‘स्वच्छता ही स्वागत है’ अभियान की शुरुआत की गई है। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से की है। यह अभियान मंडल स्तर तक चलेगा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग श्रमदान करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सबसे बड़ा स्वागत है और इसी सोच के साथ यह अभियान चलाया जा रहा है। नाराजगी पर दिया जवाब कुलदीप बिश्नोई की नाराजगी को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि वे पार्टी के सम्मानित नेता हैं और व्यक्तिगत रूप से उनके बड़े भाई जैसे हैं। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी में किसी तरह की नाराजगी नहीं है और सभी एक परिवार की तरह मिलकर काम कर रहे हैं। वहीं सतीश पुनिया और बीरेंद्र सिंह की मुलाकात पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है और यह व्यक्तिगत मुलाकात भी हो सकती है। कांग्रेस पर साधा निशाना डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वहां अंदरूनी फूट चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में वंशवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार हावी है, जबकि भाजपा का हर कार्यकर्ता एक विचारधारा के साथ काम करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य सेवा करना है, जबकि कांग्रेस केवल सत्ता और लाभ के लिए काम करती है। स्वच्छता पखवाड़ा और जनभागीदारी इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने बताया कि 13 से 19 जुलाई तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान ‘स्वच्छता ही स्वागत है’ अभियान के तहत हर कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हमारा पहला लक्ष्य है और इसे जनआंदोलन बनाया जा रहा है। सेक्टर-12 से अभियान की शुरुआत विधायक योगेंद्र राणा ने बताया कि करनाल के सेक्टर-12 से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है, जिसमें सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग अपने घर की सफाई करते हैं, उसी तरह आसपास के क्षेत्र को भी साफ रखें तो शहर खुद-ब-खुद स्वच्छ हो जाएगा। रैली में इको-फ्रेंडली व्यवस्था योगेंद्र राणा ने जींद रैली को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि यह पूरी तरह इको-फ्रेंडली रैली होगी। इसमें शामिल होने वाले सभी वाहन या तो इलेक्ट्रिक होंगे या फिर सीएनजी पर चलेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भी सीएनजी या इलेक्ट्रिक वाहन में ही कार्यक्रम में पहुंचेंगे। असंध विधानसभा क्षेत्र से करीब 2400 लोग सीएनजी गाड़ियों के जरिए रैली में शामिल होंगे। हाइड्रोजन ट्रेन को लेकर उत्साह उन्होंने कहा कि पहले कभी सोचा भी नहीं था कि पानी यानी हाइड्रोजन से ट्रेन चल सकती है, लेकिन अब यह संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव देश की तकनीकी प्रगति को दर्शाता है और प्रधानमंत्री के विजन का परिणाम है। इस पूरे कार्यक्रम के जरिए भाजपा जहां स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही है, वहीं जींद की रैली को ग्रीन और क्लीन अभियान का प्रतीक बनाने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है।
जींद रैली में नहीं दौड़ेंगे पेट्रोल-डीजल के वाहन:CNG-इलेक्ट्रिक गाड़ियों से पहुंचेगी भीड़, प्रदेशाध्यक्ष ने करनाल में चलाया स्वच्छता अभियान
Leave a comment