ज़ीरकपुर में लापरवाही से बेकाबू कार दुकान में घुसी:गियर में स्टार्ट होने से हुआ हादसा, कोई जानी नुकसान नहीं लेकिन सामान हुए चूर

Actionpunjab
3 Min Read




मोहाली के जीरकपुर में वीआईपी रोड पर रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहाँ गियर में खड़ी एक कार को स्टार्ट करते ही वह अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे बेसमेंट में स्थित एक इंटीरियर की दुकान का शटर तोड़कर अंदर जा घुसी। गनीमत यह रही कि हादसा देर रात हुआ जब दुकान पूरी तरह बंद थी, जिसके कारण कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। गियर में थी कार, स्टार्ट करते ही हुई बेकाबू पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, वीआईपी रोड पर मोमोज का स्टॉल लगाने वाला अर्जुन नाम का युवक देर रात अपनी हुंडई एक्सेंट कार को स्टार्ट कर रहा था। कार पहले से ही गियर में खड़ी थी। जैसे ही अर्जुन ने कार को स्टार्ट किया, वह अचानक तेज रफ्तार में आगे की ओर भागी। अर्जुन जब तक गाड़ी पर नियंत्रण पाता, कार बेकाबू होकर सीधे बेसमेंट में बनी ‘जिंदल इंटीरियर’ नामक दुकान में जा घुसी। सुबह खुलासे के बाद मौके पर जुटी भीड़ इस घटना का पता दुकान मालिक को सोमवार सुबह करीब पांच बजे चला। जब वे मौके पर पहुंचे, तो दुकान का नजारा देखकर दंग रह गए। कार अंदर घुसने के कारण दुकान का मुख्य शटर पूरी तरह चकनाचूर हो चुका था और अंदर प्रदर्शित (डिस्प्ले) किया गया कीमती सामान भी काफी क्षतिग्रस्त हो गया था। सुबह-सुबह हुए इस हादसे की खबर फैलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए। चालक की लापरवाही से हुआ हादसा हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर पुलिस का मानना है कि यह हादसा कार चालक की लापरवाही के कारण हुआ, जिसने बिना गियर चेक किए गाड़ी स्टार्ट कर दी थी। राहत की बात यह रही कि कार चालक को भी कोई गंभीर चोट नहीं आई है। फिलहाल पीड़ित दुकानदार द्वारा दुकान के अंदर हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *