यमुनानगर में तेज रफ्तार हाइड्रा ने दो महिलाओं को रौंदा:एक की मौत, दूसरी की बाजू कटी; तीन साल की बच्ची उछलकर सड़क पर गिरी

Actionpunjab
4 Min Read




यमुनानगर के शादीपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रही हाइड्रा ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं महिला की गोद में मौजूद तीन वर्षीय बच्ची टक्कर लगते ही उछलकर सड़क किनारे जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई। दुर्घटना के बाद चालक हाइड्रा को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान घायल महिला की बाजू काटनी पड़ी। चार बच्चों की मां थी मृतका मृतका की पहचान 55 वर्षीय हमीदा खातून पत्नी नूर अहमद निवासी गांव दुर्गापुर ललियाही जिला कटिहार, बिहार के रूप में हुई है और वह चार बच्चों की मां थी, जिनमें से दो की शादी कर दी थी जबकि दो अभी अविवाहित हैं। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बिहार के कटिहार जिले के दुर्गापुर लिलियाही गांव के निवासी रियाज ने बताया कि वह यमुनानगर के शादीपुर में किराये पर रहकर एक माइक्रो प्लाईवुड फैक्ट्री में मजदूरी करता है। उसकी शादी करीब चार साल पहले अनीषा खातून से हुई थी और उनकी तीन वर्षीय बेटी अनाया है। उसके साथ उसकी रिश्ते में मासी लगने वाली हमीदा खातून भी पास में रहती है। तीन साल की बच्ची उछलकर सड़क पर गिरी सोमवार को वह अपनी पत्नी अनीषा, बेटी अनाया और मासी हमीदा के साथ शादीपुर बाजार सामान खरीदने जा रहा था। उसकी पत्नी ने बेटी को गोद में उठाया हुआ था, जबकि हमीदा उनके साथ पैदल चल रही थी और वह खुद उनसे कुछ दूरी पीछे चल रहा था। जब वे वैदिक साधन आश्रम से थोड़ा आगे खजुरी रोड पर पहुंचे, तभी खजुरी रोड की तरफ से एक पीले रंग की हाइड्रा तेज रफ्तार और लापरवाही से आई और उसकी पत्नी व मासी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसकी तीन साल की बेटी अनाया उछलकर सड़क किनारे गिर गई, जबकि हाइड्रा का अगला पहिया उसकी पत्नी अनीषा के बाएं हाथ और पैर के ऊपर से गुजर गया। मासी के पेट के ऊपर से निकला टायर इसके बाद हाइड्रा मासी हमीदा के पेट के ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद चालक मौके पर ही हाइड्रा छोड़कर फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से पत्नी, बेटी और मासी को जेपी अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान मासी हमीदा खातून की मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी अनीषा की उपचार के दौरान उसकी एक बाजू को काटना पड़ा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि यह हादसा हाइड्रा चालक की तेज रफ्तार, लापरवाही और गलत तरीके से वाहन चलाने के कारण हुआ है।यमुनानगर सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *