आईएमडी के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहने का अनमान है। सुबह और दोपहर के दौरान हल्की बारिश हो सकती है। मध्य भारत में मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की प्रेस रिलीज के अनुसार, 1 अगस्त को देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा। कई राज्यों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने, तेज हवाओं, जलभराव और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वर्षा होगी।
आईएमडी के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने का अनमान है। सुबह और दोपहर के दौरान हल्की बारिश हो सकती है। मध्य भारत में मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। छत्तीसगढ़ में आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियां और तेज होने के संकेत हैं। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में भारी वर्षा होने की संभावना है।
राजधानी दिल्ली के मौसम का हाल जानिए
1 अगस्त को राजधानी दिल्ली में मौसम सुहावना रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, दिनभर आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा और हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश के कारण उमस बनी रह सकती है, हालांकि बीच-बीच में चलने वाली हल्की हवाएं कुछ राहत देंगी। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए किसी विशेष चेतावनी या अलर्ट की घोषणा नहीं की है, लेकिन बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर हल्की वर्षा के कारण कुछ इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है। बाहर निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखना उपयोगी रहेगा।
शनिवार को इन इलाकों में बरसेंगे बदरा
बिहार में 1 अगस्त को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर वर्षा जारी रहेगी। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होगी। इसके कारण निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना रह सकता है। गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मॉनसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी। गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना है। केरल और तटीय कर्नाटक में भी तेज बारिश के दौर जारी रह सकते हैं।
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से कुछ इलाकों में बाढ़
जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश से कुछ इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। कश्मीर के ज्यादातर इलाकों में रातभर बारिश हुई जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही। बडगाम, बारामूला और बांदीपोरा जैसे इलाकों में काफी बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण बारामूला और बांदीपोरा जिलों में अचानक बाढ़ की स्थिति बन गई। उन्होंने बताया कि हालांकि इसमें किसी की जान नहीं गई। बांदीपोरा जिले के सदरकूट बाला इलाके में भारी बारिश से अचानक बाढ़ आ गई जिससे सड़कों और एक सरकारी स्कूल पर असर पड़ा।
पंजाब में 3 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट
पंजाब और चंडीगढ़ में 31 जुलाई से 3 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पठानकोट गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। तरनतारन, शहीद भगत सिंह नगर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर और एसएएस नगर में भी भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। राज्य के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश और विदर्भ के ऊपर बने निम्न दबाव से फिलहाल महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में बारिश हो रही है। इसके प्रभाव से मॉनसून ट्रफ पंजाब के दक्षिण में बनी हुई है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ उत्तर हरियाणा की ओर खिसक गया है। इसके चलते अगले 24 घंटों में हल्की बारिश की संभावना है।