बिहार का मौसम, 2 अगस्त : सभी 38 जिलों में येलो अलर्ट, मधुबनी समेत 4 जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी, Bihar Hindi News

Actionpunjab
4 Min Read


मौसम विभाग ने 2 अगस्त को बिहार के सभी 38 जिलों में रविवार को आंधी, बिजली का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, मधुबनी, सुपौल समेत 4 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। पटना समेत दक्षिण बिहार में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 

Bihar Weather Forecast: मौसम विभाग ने 2 अगस्त को पूरे बिहार में आंधी और बिजली का येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के सभी 38 जिलों में रविवार को मौसम बिगड़ने की आशंका है। इस दौरान उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में झमाझम बारिश हो सकती है। 4 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, दक्षिण बिहार में मॉनसून के कमजोर रहने की संभावना है। राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकांश शहरों में शनिवार को दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मॉनसून की बेरूखी से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान नजर आए।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 2 अगस्त को बिहार के उत्तर पश्चिम, दक्षिण पश्चिम, दक्षिण मध्य और दक्षिण पूर्व भाग के जिलों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात होने की आशंका बनी रहेगी। मौसम विभाग ने राज्य के सभी 38 जिलों में आंधी-बिजली का येलो अलर्ट जारी किया है। हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। मौसम बिगड़ने पर कहीं-कहीं आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने का भी खतरा बना रहेगा। लोगों से खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

मधुबनी समेत 4 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को नेपाल से सटे बिहार के इलाकों में मूसलाधार बरसात की संभावना जताई है। अगले 24 घंटे के भीतर चार जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जिनमें मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं।

तापमान में अचानक आया तेजी से उछाल

बिहार में शनिवार को दिन के तापमान में अचानक तेजी से उछाल आया। खासकर दक्षिण बिहार के जिलों में लोग उमस भरी गर्मी से तरबतर नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, 39.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ कैमूर 1 अगस्त को बिहार में सबसे गर्म रहा। इसके अलावा, शेखपुरा, औरंगाबाद, रोहतास, गयाजी, नालंदा, भागलपुर और मोतिहारी में भी अधिकतम पारा 35 डिग्री के पार कर गया।

पटना में 35 डिग्री पारा

राजधानी पटना, छपरा, अरवल जैसे शहरों में भी शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शेखपुरा में तापमान लगभग 4 डिग्री, अरवल में 3 डिग्री, कैमूर में 3.4 डिग्री तक बढ़ गया। मौसम जानकारों का कहना है कि राज्य में मॉनसून संबंधी गतिविधियों के कमजोर रहने के चलते गर्मी में अचानक बढ़ोतरी हुई है। आने वाले दिनों में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने पर फिर से तापमान में गिरावट आ जाएगी।

पटना में रविवार को मौसम कैसा रहेगा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो राजधानी में 2 अगस्त को अधिकांश जगहों पर बादल छाए रहेंगे। रविवार को भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, एक-दो बार बूंदाबांदी हो सकती है। रविवार को दिन का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *