आईएमडी ने अगले चार दिनों के लिए पूरे महाराष्ट्र में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह किया है। वेदर अपडेट के बाद कुछ जिलों के अधिकारियों ने स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 4 अगस्त को देश के विभिन्न हिस्सों में मॉनसून की सक्रियता बनी रहेगी। उत्तर-पूर्व भारत में सबसे अधिक सतर्कता की जरूरत है। असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में भी अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी काफी भारी बरसात होगी। इस दौरान गरज और बिजली कड़कने की आशंका है। इस क्षेत्र में बाढ़ और भूस्खलन जैसे खतरों से बचाव के लिए सतर्क रहना जरूरी है।
पूर्वी भारत में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी होगी। झारखंड में भी अलग-अलग जगहों पर भारी वर्षा हो सकती है। बिहार में भी कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है। गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में व्यापक वर्षा के साथ गरज-चमक की आशंका बनी रहेगी। इन इलाकों में नदियों के जलस्तर में वृद्धि और निचले क्षेत्रों में जलभराव की संभावना को देखते हुए प्रशासन और लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।
राजस्थान के मौसम का हाल
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों, पश्चिमी क्षेत्रों में छिटपुट स्थानों पर बीते 24 घंटे के दौरान गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। पाली जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। जिले के जैतारण क्षेत्र में सर्वाधिक 161 मिलीमीटर बारिश हुई। सोमवार से मॉनसून के निम्न वायु दाब क्षेत्र के उत्तर की ओर खिसकने की संभावना है, जिसके चलते जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के जिलों में वर्षा गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। 3 से 5 अगस्त के बीच बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि इस अवधि के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में वर्षा की गतिविधियों में भिन्नता देखने को मिल सकती है।
दिल्ली, यूपी में बारिश की संभावना
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मौसम थोड़ा सामान्य रहेगा, लेकिन हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज व तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की आशंका है। पश्चिम भारत में कोंकण और गोवा में व्यापक वर्षा जारी रहेगी। मध्य महाराष्ट्र में 4 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। गुजरात और सौराष्ट्र में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
केरल और कर्नाटक में कैसा मौसम
दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। केरल और तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ तेज हवाओं की संभावना है। आईएमडी ने अगले चार दिनों के लिए पूरे महाराष्ट्र में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने का आग्रह किया है। मौसम का पूर्वानुमान जारी करने के बाद कुछ जिलों के अधिकारियों ने स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, कोंकण तटीय क्षेत्र, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और विदर्भ के हिस्सों में आने वाले दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।