झारखंड में आसमानी कहर; बिजली गिरने से 15 लोगों की मौत, भारी बारिश की चेतावनी, Jharkhand Hindi News

Actionpunjab
4 Min Read


झारखंड में भारी बारिश और वज्रपात के कारण 4 बच्चों समेत 15 लोगों की मौत हो गई और कई लोग झुलस गए। मौसम विभाग ने 8 अगस्त तक राज्य में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

झारखंड के कई जिलों में मंगलवार को भारी बारिश हुई। इस दौरान अलग-अलग जिलों में वज्रपात से 4 बच्चों और महिलाओं समेत 15 लोगों की मौत हो गई। आकाशीय बिजली गिरने से दर्जनभर से अधिक लोग झुलस गए हैं। इस बीच मौसम ‌विभाग ने झारखंड में बुधवार और गुरुवार को भी भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। IMD ने 8 अगस्त तक झारखंड में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

कहां कितनी मौतें?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़वा जिले के रंका में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 3 महिलाएं झुलस गईं। वहीं लातेहार जिले में वज्रपात से खेत में काम कर रहे दो किसानों की मौत हो गई, एक महिला घायल है। मृतकों में एक चंदवा का रहनेवाला था। उधर, चतरा के लावालौंग पंचायत स्थित भलुआही चानी गांव में दोपहर में धान के खेत में काम कर रहे एक युवक की मौत। सिमडेगा के जलडेगा स्थित खरवागढ़ा गांव निवासी जॉन लूगून की वज्रपात से मौत हो गई।

इन जिलों में भी मौतें

उधर, गिरिडीह जिले के देवरी में शाम में खेल रहे 4 बच्चों और एक किसान की वज्रपात से मौत हो गई। गिरिडीह के ही गावां और नवडीहा में धान रोपने गई दो महिलाओं की वज्रपात से मौत हो गई। इसके अलावा दुमका के रामगढ़ में धान रोपने के दौरान ठनका की चपेट में आने से एक महिला समेत 3 की जान चली गई।

कल इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम ‌विभाग के अनुसार, झारखंड के कई हिस्से में बुधवार और गुरुवार को भी भारी बारिश के साथ ठनका गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने 5 अगस्त को गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, लोहारदगा, गुमला, लोहारदगा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, खुंटी, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, जामतारा, देवगढ़, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज जिलों के अलग-अलग जिलों में गरज चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

कहां कितनी बारिश?

इधर, मंगलवार को सर्वाधिक बारिश गोड्डा 175.2 मिमी हुई। वहीं नंदाडीह में 54.6 मिमी, प सिंहभूम में 43.4, बोकारो में 41.0, हजारीबाग में 30.6 मिमी, पूर्वी सिंहभूम में 20 मिमी, लातेहार में 19.4 मिमी समेत रांची, धनबाद, रामगढ़, गुमला लोहरदगा आदि जिलों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में एक जून से अबतक 392 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य बारिश 549.3 मिमी से 29 फीसदी कम है। वहीं राज्य में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य है। रांची का तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रहा।

(पीटीआई और IMD के इनपुट के साथ)

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *